Madhubani News: झंझारपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. यहां केंद्रीय विद्यालय (केवी) निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. बिहार सरकार ने विद्यालय भवन निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
यह भी पढ़ें: मधुबनी में तीन बच्चों को बाल हृदय योजना के तहत निःशुल्क इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया
अदलपुर में बनेगा केंद्रीय विद्यालय
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय के लिए चयनित भूमि झंझारपुर नगर परिषद क्षेत्र के अदलपुर मौजा-बेहट में स्थित है. यह जमीन पहले कृषि विभाग की 25 एकड़ भूमि का हिस्सा थी. बाद में इसे उद्योग विभाग के अधीन बिहार आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण (आईडीए) को हस्तांतरित किया गया था.
बुधवार को हुई बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में इस भूमि को केंद्रीय विद्यालय संगठन को देने का निर्णय लिया गया.
एक रुपये की टोकन लीज पर मिलेगी जमीन
राज्य सरकार ने यह भूमि मात्र एक रुपये के टोकन मूल्य पर 30 वर्षों की लीज पर देने का फैसला किया है. लीज अवधि समाप्त होने के बाद इसके नवीकरण का भी प्रावधान रहेगा.
राजस्व विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को औपचारिक रूप से हस्तांतरित की जाएगी.
विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
सरकार के इस निर्णय से झंझारपुर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
अब तक क्षेत्र के विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय में नामांकन के लिए मधुबनी या दरभंगा जाना पड़ता था. नए विद्यालय के निर्माण से अभिभावकों और छात्रों को काफी सुविधा मिलेगी.
