Bisfi News: क्षेत्र के कोकिला चौक स्थित विद्यापति फिजिकल एकेडमी की ओर से रविवार को मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया.
अतिथियों ने दिखाई हरी झंडी
मैराथन दौड़ का शुभारंभ शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त शिक्षक शिवशंकर, सब इंस्पेक्टर चंदेश्वर यादव तथा विद्यापति फिजिकल एकेडमी के संस्थापक उदय पासवान (एसएसबी) ने हरी झंडी दिखाकर किया. आयोजन को सफल बनाने में एकेडमी के प्रशिक्षक विकास कुमार पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
विजेताओं को किया गया सम्मानित
दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों ने गोल्ड मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया. इस दौरान उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने की पहल
विद्यापति फिजिकल एकेडमी के संस्थापक उदय पासवान ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और खेल संस्कृति से जोड़ने की प्रेरणादायक पहल है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम में स्थानीय समाजसेवी राकेश यादव और इंदल कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने एकेडमी की इस पहल की सराहना की.
