25 दिन से बंद था रिटायर्ड कस्टम इंस्पेक्टर का घर, लौटे तो 15 लाख की चोरी और गायब मिला CCTV DVR

पाली गोठ गांव में रिटायर्ड कस्टम इंस्पेक्टर कृष्णानंद मिश्र के घर में चोरों ने धावा बोल दिया. 25 दिन बाद दिल्ली से लौटने पर उन्होंने घर में लाखों रुपये की चोरी और बिखरा सामान देखा. चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पार कर दिए. घटना से जुड़े सुराग मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.

मधुबनी: बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के पाली गोठ गांव में एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिये. चोरी की घटना रिटायर्ड कस्टम इंस्पेक्टर कृष्णानंद मिश्र के घर में हुई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई.

25 दिन बाद दिल्ली से लौटे तो घर में बिखरा मिला सामान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी कृष्णानंद मिश्र बीते 25 अगस्त को घर में ताला लगाकर पत्नी के साथ अपने विंग कमांडर पुत्र के पास दिल्ली गये थे. बताया जा रहा है कि 17 सितंबर बुधवार की देर शाम दिल्ली से लौटकर जब वे घर पहुंचे, तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला. इसके बाद चोरी की घटना का पता चला.

संभावना व्यक्त की जा रही है कि चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया. इसके बाद घर के करीब पांच कमरों की कुंडी और ताले तोड़कर तलाशी ली.

5 तोला सोना और 4.75 लाख रुपये नकद चोरी

चोरों ने घर से करीब 5 तोला सोना, चांदी की दो पायल और 4 लाख 75 हजार रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिये. पीड़ित परिवार की ओर से कुल मिलाकर करीब 13 से 15 लाख रुपये मूल्य के सामान चोरी किये जाने की बात कही जा रही है.

चोरी के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी काटकर चोर अपने साथ ले गये. संभावना जतायी जा रही है कि घटना से जुड़े फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लगें, इसी वजह से डीवीआर भी ले जाया गया.

पुलिस CCTV और अन्य बिंदुओं पर कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थाना के अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. पुलिस चोरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

फिलहाल पुलिस चोरी हुए सामान और नकदी की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है. चोरी की इस घटना के बाद इलाके में भी लोगों के बीच चर्चा है.

यह भी पढ़ें

Darbhanga Road Accident: मेले में जा रही बोलेरो खाई में गिरी, चालक की मौत; 5 लोग घायल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dhananjay kumar dhir

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >