मधुबनी: बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के मल्हामोड़ के समीप पिछले बुधवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी धनौजा गांव निवासी करीब 28 वर्षीय युवक गंगा राम की गुरुवार को दरभंगा में इलाज के दौरान मौत हो गयी. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम पसर गया.
शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार निकल गयी. मृतक के माता-पिता और भाई समेत सभी परिजन शव से लिपटकर दहाड़ें मारकर रोने लगे. इस दौरान कई बार परिजन बेसुध होकर गिर पड़े, जिन्हें आसपास के लोग संभालते रहे. ग्रामीण भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे.
पिछले वर्ष नवंबर में हुई थी शादी
बताया जाता है कि गंगा राम तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. उनकी शादी पिछले वर्ष नवंबर में ही हुई थी. शादी के कुछ ही महीने बाद उनकी मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गयीं. पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था.
मृतक मधुबनी स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत थे. उनकी असमय मौत से परिवार के साथ ग्रामीणों में भी शोक की लहर है.
मधुबनी से घर लौटते समय हुआ था हादसा
परिजनों के अनुसार, बीते 2 सितंबर को गंगा राम मधुबनी से अपने घर धनौजा लौट रहे थे. इसी दौरान मल्हामोड़ के पास सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मधुबनी ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर कर दिया. इसके बाद उन्हें दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गयी.
शव पहुंचते ही गमगीन हुआ गांव
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद गंगा राम का शव धनौजा गांव पहुंचा. शव पहुंचते ही परिवार में एक बार फिर चीख-पुकार मच गयी. परिजन शव से लिपटकर रोने लगे. पत्नी और माता-पिता का विलाप देख वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गयीं.
परिजनों के विलाप से गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन बना रहा.
यह भी पढ़ें
कमला नदी खतरे के निशान से सिर्फ 3 सेमी नीचे, तटबंध पर जुटी भीड़; विभाग ने बतायी राहत की बात
