Basopatti Minor Girl Missing: बासोपट्टी थाना क्षेत्र से 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के लापता होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नाबालिग छात्रा को भी बरामद कर लिया है. मामले में छात्रा की मां के लिखित आवेदन के आधार पर बासोपट्टी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया था कि 23 अगस्त को नाबालिग छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने उसकी खोजबीन की. आवेदन में बताया गया कि 25 अगस्त को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन भी आए थे. छात्रा की मां ने गांव के ही एक युवक सहित अन्य लोगों पर नाबालिग को कथित तौर पर गलत नीयत से बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जतायी थी.
प्राथमिकी के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान एक अप्राथमिकी अभियुक्त विकास कुमार, पिता वीरेंद्र महतो, ग्राम ठीकहा कोठी, थाना कथैया, जिला मुजफ्फरपुर को गिरफ्तार किया गया.
थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बरामद कर लिया है. उसे न्यायालय के समक्ष बयान के लिए पेश किया गया. वहीं, गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
