Madhubani News: मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं में से उत्कृष्ट कार्य करने वाली 13 सेविकाओं और 7 सहायिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्द्धन किया गया. सम्मानित होने वाली वे सेविका और सहायिकाएं शामिल हैं, जिन्होंने प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं स्कूल पूर्व शिक्षा गतिविधियों में बेहतरीन कार्य किया है.
Benipatti block: मेघदूतम सभागार में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
कार्यों के आधार पर चिन्हित आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं को सोमवार को बेनीपट्टी प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मेघदूतम सभागार में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान सम्मानित किया गया. इस विशेष समारोह की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) कुमारी रेखा ने की. समारोह के दौरान उन सेविकाओं और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने प्रतिदिन निर्धारित गतिविधियों को अपने-अपने केंद्रों पर बच्चों के बीच प्रभावी ढंग से संचालित किया.
सीडीपीओ ने दी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा
सम्मानित करने के दौरान सीडीपीओ ने कहा कि जिन सेविकाओं और सहायिकाओं को इस बार यह अवसर नहीं मिला है, उन्हें और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है. उन्होंने सभी सेविकाओं और सहायिकाओं से आग्रह किया कि वे अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को बच्चों के बीच प्रस्तुत करें, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों का मानसिक, बौद्धिक एवं सर्वांगीण विकास बेहतर तरीके से हो सके.
सम्मानित होने वाली सेविकाएं और अन्य गणमान्य लोग
सम्मानित होने वाली प्रमुख सेविकाओं में वीणा सिंह, शबनम झा, प्रीति झा, रिंकू कुमारी, सीमा देवी, रागनी देवी, आरती कुमारी, पूनम सिंह, अंजू देवी एवं किरण देवी सहित अन्य लोग शामिल रहीं. इस सम्मान के मिलने के बाद सभी सेविका व सहायिकाओं में काफी हर्ष देखा गया. कार्यक्रम के दौरान एलएस रेखा कुमारी, निरु कुमारी, शालिनी कुमारी, विनाका कुमारी और प्रखंड समन्वयक शिव शंकर सहित अन्य कई कर्मी मौजूद थे.
