Madhubani News: शहर में ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते बिजली लोड के कारण लो वोल्टेज और बार-बार फ्यूज कॉल की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए बिजली विभाग ने पांच स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए हैं. विभाग का कहना है कि इससे बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारु होगी.
बढ़ती बिजली खपत से बढ़ा था ट्रांसफार्मरों पर दबाव
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने से पहले से लगे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा था. इसके कारण कई स्थानों पर बार-बार फ्यूज उड़ने और लो वोल्टेज की समस्या सामने आ रही थी. इन समस्याओं के समाधान के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं.
इन इलाकों में लगाए गए नए ट्रांसफार्मर
कनीय अभियंता अनिल कुसुम ने बताया कि पिछले एक वर्ष में शहर में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है. पुराने ट्रांसफार्मर बढ़े हुए लोड का वहन नहीं कर पा रहे थे. इसे देखते हुए नोनिया टोल, जेपी कॉलोनी, कोतवाली चौक और भवानी नगर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं.
दो और स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगाने की योजना
उन्होंने बताया कि बूबना उद्यान और चूड़ी बाजार में भी अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की आवश्यकता है. हालांकि, दोनों स्थानों पर अभी तक उपयुक्त स्थल का चयन नहीं हो सका है. चूड़ी बाजार में एक स्थान चिह्नित किया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों की सहमति नहीं मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका. वहीं, बूबना उद्यान क्षेत्र में उपयुक्त स्थल उपलब्ध नहीं होने से फिलहाल वहां ट्रांसफार्मर लगाने की योजना लंबित है.
