मधुबनी डीएम: सरकारी कार्यालयों से जुड़े कामकाज में आम लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने और शिकायतों का समय पर समाधान करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम में अपर समाहर्ता राजेश कुमार ने जिले के विभिन्न इलाकों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं. अपर समाहर्ता ने कहा कि प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
शिक्षक से लेकर जमीन और लोन तक की शिकायतें पहुंचीं
जनसंवाद में उत्क्रमित मध्य विद्यालय ओलीपुर, झंझारपुर के विशिष्ट शिक्षक विकास कुमार ने प्रधानाध्यापक पर रूटीन से अधिक कक्षाएं लेने का दबाव बनाने और मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायत की. वहीं कलुआही प्रखंड निवासी अमला देवी ने अपने सेवानिवृत्त शिक्षक पति की वर्षों से लंबित बकाया अंतर राशि के भुगतान को लेकर आवेदन दिया.
अंधराठाढ़ी निवासी सौरभ कुमार मेहता ने पीएचसी के एक चिकित्सक पर ड्यूटी रोस्टर का पालन नहीं करने और निजी नर्सिंग होम चलाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की. राजनगर निवासी बिनोद कुमार चौधरी ने समिति का निर्णय होने के बावजूद निजी भूमि को रोक सूची से मुक्त नहीं करने का मामला उठाया.
अतिक्रमण और जमीन के मामलों पर भी सुनवाई
रहिका निवासी सविता देवी ने उद्योग विभाग से पीएमईजीपी लोन में अनुदान समायोजन निर्गत नहीं होने की शिकायत की. बाबूबरही निवासी राजकुमार सिंह ने बरैल गांव की सार्वजनिक भूमि से कथित अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की.
कलुआही प्रखंड के मलमल गांव निवासी अगम लाल यादव ने 45 वर्षों से दखल-कब्जे वाली गैर-मजरुआ जमीन का बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने-अपने कक्षों में मौजूद रहे और लोगों की समस्याएं सुनीं.
हर महीने पंचायत स्तर पर लगेगा सहयोग शिविर
अपर समाहर्ता ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाता है. यह पूरी तरह ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसमें प्राप्त आवेदनों का निर्धारित अवधि के भीतर निष्पादन किया जाता है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए सहयोग पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करें. वहीं विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर महीने के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है. छात्र अपनी शिकायतें सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं.
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि आम लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
यह भी पढ़ें:
Madhubani: फुलपरास में ऑटो पलटने से साढ़े तीन साल के मासूम की मौत, मां और दो बहन समेत 7 घायल
