चिल्ड्रेन पार्क की सफाई को ले एबीवीपी की गांधीगीरी
मधुबनी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला इकाई के छात्रों ने रविवार को स्थानीय गंगासागर तालाब समीप चिल्ड्रेन पार्क की सफाई के लिए गांधीगिरी का रास्ता अपनाते हुए कूड़े के ढेर पर धरना पर बैठ गये. सांगठनिक नेताओं ने इस पार्क की सफाई को लेकर वर्षों से नगर परिषद के नजर अंदाज और उपेक्षा को संवेदनहीनता बताया. पवित्र स्थल पर वर्षों से नप की उपेक्षा का शिकार होकर यह पार्क कचरे का डंपिंग यार्ड बन गया है. धरने पर बैठे छात्रों ने इससे पूर्व नप के पदाधिकारी से इसकी सफाई के लिए वार्ता की थी. लेकिन, नप पदाधिकारी इसे एनओसी प्राप्त नहीं होने की बात कहकर टाल गये.
संगठन के वरिष्ठ छात्र नेता राजू झा ने कहा कि नप के इस उपेक्षित रवैये को देखते हुए यह आंदोलन किया गया है. वहीं छात्र नेता रौशन झा ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर यदि नप प्रशासन इस प्रमुख पार्क की साफ- सफाई कर इसके जीर्णोद्धार की दिशा में पहल नहीं करता है तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. जो शहर में एक जनांदोलन का रूप लेगा. धर्मेंद्र कुमार उर्फ बौआ झा ने कहा कि समय रहते इसे बच्चों व सार्वजनिक उपयोग लायक नहीं बनाया गया तो आंदोलन की जिम्मेवारी नप प्रशासन की होगी. धरना में बबलु मिश्रा, सनातन झा, मुकुंद ठाकुर, गौरव मिश्रा, रुपेश झा,जगन्नाथ, मो. नौसाद, सोनू, अनमोल, पृथ्वी, रंजन, प्रहलाद झा, सैलेश कश्यप, कुनाल कश्यप, मोनू, प्रशांत, मुकेश यादव सहित दर्जनों छात्र मौजूद थे.
