शहर के करीब 350 उपभोक्ताअों को नहीं मिला है मीटर
मधुबनी : बिजली विभाग द्वारा प्रत्येक दिन उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन दिया जा रहा है. पर उपभोक्ताओं को मीटर और उपभोक्ता संख्या समय पर नहीं दिया जा रहा है. जिस कारण उपभोक्ता परेशान है. आलम यह है कि दर्जनों उपभोक्ता दो साल पहले मीटर लगाया पर आज तक इन्हें उपभोक्ता संख्या नहीं मिला है.
नहीं मिल रहा मीटर
जानकारी के अनुसार पिछले चार माह से मांग के अनुसार मीटर की आपूर्ति नहीं हो रही है. जिस कारण उपभोक्ता को मीटर समय से नहीं मिल रहा है. जानकारी के अनुसार शहरी क्षेत्र में लगभग 350 उपभोक्ता ऐसे हैं . जिनको अभी तक मीटर और उपभोक्ता संख्या नहीं दिया गया है. जिस उपभोक्ता को ये दोनों चीज नहीं मिला है. वह विभाग का चक्कर काट रहा है.
उपभोक्ता खुद खरीदें मीटर
इस विभाग के कनीय अभियंता अमर बहादुर यादव ने बताया है कि अब उपभोक्ता खुद मीटर खरीद कर विभाग को देंगे. विभाग उसको सील कर उपभोक्ता के यहां लगायेगा. वहीं उपभोक्ता संख्या के लिए उपभोक्ता अपने मीटर का रसीद व कनेक्शन रसीद लेकर कार्यालय में आकर अपना उपभोक्ता संख्या ले सकते हैं.
क्या है मामला
आर के कॉलेज रोड निवासी बिजली उपभोक्ता अजय कुमार झा ने बताया कि दो साल पूर्व उन्होंने अपने घर में बिजली का कनेक्शन लिया. विभाग के द्वारा कागजात देने के बाद मीटर लगाया और सभी कागजात कार्यालय में जमा भी कर दिया. तबसे आज तक कई बार कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं. पर अब तक कंजूमर नंबर ही नहीं दिया जा रहा है. कई बार विभाग इस बीच मीटर जांच करने पहुंच चुका है. इस दौरान आस पास के लोगों के बीच भारी फजीहत का सामना करना पड़ता है.
