पचरूखी गांव में एक ही रात तीन घरों में चोरी
बाबूबरही : थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव में अज्ञात चोरों ने गुरुवार की रात एक साथ तीन घर में ताला तोड़कर हजारों रुपए नगद व जेवरात की चोरी कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच मामले की पड़ताल की. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो अलग-अलग सरस्वती पूजा कमेटी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था.
घर के लोग कार्यक्रम देखने गए थे. इसी क्रम में डीजे साउंड की अधिक आवाज होने के कारण चोरों ने मौके का फायदा उठाते गांव के रामप्रवेश चौधरी के घर में घुसे. उनकी पत्नी अनीता देवी ने बताया कि दरवाजे पर सरस्वती पूजा हो रहा था.
घर में ताला लगाकर चाभी बगल में रख दरवाजे पर सोने चल गई. सुबह उठी तो घर का ताला खुला हुआ था. घर में रखे ट्रंक को तोड़ उसमें रखे बक्सा को लेकर चोरों ने घर के पीछे जाकर उसे तोड़कर उसमें रखें नगद 75 हजार रुपया व जेवरात की चोरी कर ली. ग्रामीणों ने बताया कि उनके आंगन में गांव के ही तेतर पासवान का मोबाइल बरामद हुआ है. जिसे बाद में घटना की जांच करने पहुंची पुलिस को दे दिया गया.
दूसरी चोरी की घटना गांव के मालती पासवान के घर के घर हुई. घर के लोग सरस्वती पूजा पर हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने घर बंद कर गए थे. सुबह आने पर घर का ताला टूटा मिला. घर में प्रवेश किया तो देखा घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है.
बक्शा टूटा है. बक्शा में रखे रखे नये कपड़ों की चोरी कर ली गई थी. वही चोरी की तीसरी घटना गांव के ही नागेश्वर देव के घर हुई. गृहस्वामी एक कमरे में सो रहे थे. घर के अन्य सदस्य विवाह कार्यक्रम में रिश्तेदारी में गए थे. चोरों ने उनके घर का ताला बाहर से बंद कर दिया. फिर दूसरे घर का ताला तोड़ घर में रखें कीमती कपड़े की चोरी कर ली.
