जयनगर : जयनगर से जनकपुरधाम के पास कुर्था तक ट्रेनों का परिचालन शीघ्र शुरू किया जाएगा. ये बातें नेपाल में भारतीय राजदूत मनजीव सिंह पुरी ने नेपाल के कुर्था से जयनगर तक भारत नेपाल मैत्री परियोजना के तहत हो रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद शनिवार को जयनगर रेलवे स्टेशन पर कही.
उन्होंने कहा कि नेपाल के कुर्था से जयनगर तक 34 किलोमीटर दूरी में निर्माण कार्य का 90 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. नेपाल सरकार ने भारत से ट्रेन खरीदने की मंजूरी दे दी है. निमार्ण कार्य का शेष कार्य पूरा होने के बाद वे शीघ्र निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के बाद भारत नेपाल सरकार से सहमति प्राप्त कर तिथि की घोषणा की जाएगी. विदित हो कि नेपाल भारत मैत्री रेल परियोजना के तहत जयनगर से जनकपुरधाम के कुर्था तक रेल परिचालन की शुरुआत 2018 के अंत तक हो जाना था.
लेकिन परिचालन में विलंब से स्थानीय लोग निराश का होने लगे थे. भारतीय राजदूत के निरीक्षण के बाद शीघ्र ट्रेनों के परिचालन के आसार नजर आने लगे हैं. रेल परिचालन के प्रारंभ में परिचालन का दायित्व कोंकण रेलवे के कर्मियों को दिए जाने की बात बतायी जा रही है. निरीक्षण के दौरान भारतीय राजदूत के साथ उप महा वाणिज्यदूत वीरगंज नेपाल रमेश चतुर्वेदी, भारतीय राजदूतावासके सुरक्षा अधिकारी आर स्वामी, निर्माण कंपनी इरकॉन के महाप्रबंधक रवि सहाय, परियोजना निदेशक दीपक कुमार, विनोद सिंह समेत अन्य अधिकारी भी थे.
