तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर

मीरगंज चौक वार्ड नौ निवासी ऋषि मेडिकल एजेंसी संचालक रंजीत कुमार को घटना की सूचना मिली.

मुरलीगंज, मधेपुरा. मीरगंज–कुमारखंड एसएच-91 पर जोरगामा बजरंगबली मंदिर के समीप रविवार की देर संध्या तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने दो बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित कुमारखंड की ओर फरार हो गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी, लेकिन अधिकांश लोग घायलों की मदद करने के बजाय मोबाइल से फोटो एवं वीडियो बनाने में व्यस्त रहे. इसी बीच मीरगंज चौक वार्ड नौ निवासी ऋषि मेडिकल एजेंसी संचालक रंजीत कुमार को घटना की सूचना मिली. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए अपने एक सहयोगी के साथ दोनों घायलों को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज पहुंचाया. सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ राजेश कुमार एवं मुकेश कुमार पांडे ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिये हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ संजीव कुमार भी मौजूद थे. मृतक की पहचान कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहटा वार्ड 11 निवासी सीताराम यादव के 24 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के तमोट परसा निवासी बद्री ऋषिदेव के 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दीपक कुमार अपने घर से मुरलीगंज आ रहे थे, जबकि आशीष कुमार मुरलीगंज से अपने घर लौट रहे थे. दोनों युवक मजदूरी का कार्य करते थे. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और फरार स्कॉर्पियो की तलाश की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >