शादी के महज 6 महीने बाद उजड़ गया सुहाग! मधेपुरा में नशेड़ी पति ने खाना मांगने पर पत्नी को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान दर्दनाक मौत

बिहार के मधेपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नशे में धुत पति ने मामूली कहासुनी पर अपनी 22 वर्षीय पत्नी को इतनी बेरहमी से पीटा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. यह वारदात शादी के महज छह महीने बाद हुई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है.

बिहार के मधेपुरा जिले के कुमारखंड से घरेलू हिंसा और नशे की लत का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. महज छह महीने पहले सात फेरे लेकर जिस घर में एक युवती खुशियों के सपने संजोकर आई थी, उसी घर में उसे मौत के घाट उतार दिया गया. नशे में धुत पति ने महज खाना मांगने की मामूली बात पर अपनी 22 वर्षीय पत्नी की इस कदर बेरहमी से पिटाई की कि इलाज के दौरान उसकी सांसें हमेशा-हमेशा के लिए थम गईं.

खाना मांगने पर शुरू हुआ विवाद, नशे की हालत में पति ने पार की हैवानियत की हदें

यह दर्दनाक वारदात कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान पंचायत के लक्ष्मीपुर वार्ड नंबर छह की है. शनिवार की दोपहर आरोपी पति प्रवेश ऋषिदेव नशे की हालत में धुत्त होकर घर पहुंचा था. इसी दौरान खाना मांगने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि हैवान बने प्रवेश ऋषिदेव ने अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी (22) को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. पिटाई के दौरान गंभीर चोटें आने के कारण लक्ष्मी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी. इसके बाद आरोपी पति ने अपनी सास (लक्ष्मी की मां) को फोन कर बेहद संवेदनहीनता से कहा कि "लक्ष्मी बोल नहीं रही है, आकर उसे ले जाइए."

महज छह महीने पहले हुई थी शादी, मायके बरियाही ले जाया गया शव

बेहोशी की सूचना मिलने पर स्थानीय पड़ोसी अर्जुन ऋषिदेव और उनकी पत्नी मीरा देवी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने गंभीर हालत में लक्ष्मी को स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया. डॉक्टर ने हालत को बेहद चिंताजनक देखते हुए तुरंत उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मधेपुरा रेफर कर दिया, जहाँ इलाज के दौरान शनिवार की रात लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया. मृतका के परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी की शादी करीब छह महीने पहले ही प्रवेश ऋषिदेव (पिता कैलू ऋषिदेव) के साथ हुई थी. उसका मायका मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बरियाही वार्ड संख्या तीन में है. परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था.

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की जानकारी मिलते ही कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत रजक दल-बल और फॉरेंसिक (FSL) टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सबूत और नमूने इकट्ठे किए हैं. पुलिस ने मृतका की मां रेखा देवी और पिता हलधर ऋषिदेव (निवासी बरियाही) के फर्द बयान के आधार पर कुमारखंड थाने में हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है. पोस्टमार्टम के बाद लक्ष्मी का शव उसके मायके वालों को सौंप दिया गया है, जिसे वे अपने साथ बरियाही ले गये हैं. थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मुख्य आरोपी पति प्रवेश ऋषिदेव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और बहुत जल्द वह सलाखों के पीछे होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पवन कुमार

पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >