Madhepura, ग्वालपाड़ा-लक्ष्मीपुर मार्ग पर स्कॉर्पियो ने टोटो में मारी टक्कर, एक घायल

ग्वालपाड़ा-लक्ष्मीपुर मार्ग पर अज्ञात स्कॉर्पियो ने टोटो को मारी टक्कर

ग्वालपाड़ा, मधेपुरा से हीरानंद झा की रिपोर्ट,

शुक्रवार को ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा-लक्ष्मीपुर सरौनी कला मार्ग स्थित काली स्थान के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने बैटरी चालित टेम्पो (टोटो) में जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना में टोटो चालक समेत दो यात्री सुरक्षित बच गए, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित लक्ष्मीपुर की ओर फरार हो गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक दयानंद कुमार अपने बैटरी टेम्पो पर दो सवारियों को बैठाकर बिहारीगंज थाना क्षेत्र के बभनगामा बाजार से लक्ष्मीपुर सरौनी होते हुए ग्वालपाड़ा लौट रहे थे. टेम्पो पर सवार यात्रियों की पहचान सरौनी कला निवासी 22 वर्षीय विकास कुमार एवं दिलीप मेहरा के रूप में हुई है.

बताया जाता है कि टेम्पो जैसे ही सरौनी काली स्थान के समीप पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सीधे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो सड़क पर पलट गया. हादसे में एक व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को उपचार के लिए ग्वालपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में प्राथमिक उपचार किया गया. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा रेफर कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >