Madhepura News: निरंजन,शंकरपुर (मधेपुरा). शंकरपुर प्रखंड मुख्यालय सभागार में आयोजित पंचायत समिति की सामान्य बैठक में सड़क, शिक्षा, आंगनवाड़ी, बिजली और प्रशासनिक लापरवाही जैसे कई मुद्दे जोरदार तरीके से उठे.
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख स्मिता आनंद ने की, जबकि संचालन बीडीओ तेज प्रताप त्यागी ने किया. बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कई विभागों की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की.
फोन नहीं उठाने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य चंदेश्वरी राम ने पंचायती राज विभाग के कनीय अभियंता सानू पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों का फोन तक रिसीव नहीं करते, जिससे पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.
इस पर तेज प्रताप त्यागी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस तरह की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
आंगनवाड़ी ड्रेस और बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को बांटी गई पोशाक की खराब गुणवत्ता का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा. जनप्रतिनिधियों ने ड्रेस की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई.
इस पर सीडीपीओ स्वाति कुमारी ने कहा कि पोशाक जीविका के माध्यम से उपलब्ध कराई गई थी और गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है. बीडीओ ने पूरे मामले की जांच कर लिखित रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया.
इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगने के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित रहने और अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें भी बैठक में गूंजती रहीं.
सड़क जाम और जर्जर स्कूल भवन बना चिंता का विषय
मुखिया बालकृष्ण यादव ने भलुवाहा गांव में सड़क पर मक्का सुखाने के कारण लगातार जाम लगने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इससे एम्बुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं को भी परेशानी होती है.
साथ ही मध्य विद्यालय भलुवाहा के जर्जर भवन को लेकर भी चिंता जताई गई. जनप्रतिनिधियों ने किसी बड़े हादसे से पहले भवन को गिराने या मरम्मत कराने की मांग की.
शिक्षा और जनसुविधाओं पर भी हुई चर्चा
बैठक में मोरा कवाहिया में 9वीं और 10वीं की पढ़ाई शुरू कराने तथा क्षेत्र में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग भी प्रमुखता से उठी.
बीडीओ ने जानकारी दी कि 19 मई को सोनवर्षा और जिरवा मधैली में सहयोग शिविर आयोजित होंगे, जहां आम लोगों की शिकायतों का 30 दिनों के भीतर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.
Also Read: इलाज की उम्मीद लेकर आए परिजन, PMCH में ठगी के हुए शिकार
