बीस सूत्री की बैठक संपन्न, अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा जायेगा स्पष्टीकरण

बीस सूत्री की बैठक संपन्न, अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा जायेगा स्पष्टीकरण

सिंहेश्वऱ प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में शुक्रवार को बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष हरेंद्र मंडल ने की. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं व समस्याओं पर चर्चा हुई. सदस्यों ने अधिकारियों से कई सवाल पूछे, जिनका जवाब मौके पर दिया गया. साथ ही सभी मुद्दों को कार्यवाही विवरणी में शामिल कर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. बीस सूत्री की सचिव सह बीडीओ ज्योति गामी ने बताया कि सदस्य भूपेंद्र गुप्ता ने गौरीपुर पंचायत के वार्ड तीन स्थित लालपुर रोड से महादलित टोला तक सड़क पर जलजमाव की समस्या उठायी. उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण आवश्यक है. साथ ही झुके हुए बिजली तार को दुरुस्त करने और जजहट सबैला के वार्ड संख्या आठ में शीघ्र ट्रांसफाॅर्मर लगाने की मांग की. उन्होंने लालपुर स्थित धरहर देव स्थान के निकट दक्षिण लोहा पुल तक कटाव रोकने के लिए बांध निर्माण तथा वार्ड संख्या 11 के महादलित टोला में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग रखी. सदस्य संजय कुमार पाठक ने नगर पंचायत को मिलने वाली बंदोबस्ती राशि का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि विभिन्न स्रोतों से प्राप्त बड़ी राशि अन्य विभागों को चली जाती है, जिससे नगर पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहा है़ उन्होंने शिवरात्रि मेला, सरकारी तालाब, बस स्टैंड एवं सरकारी दुकानों की बंदोबस्ती से प्राप्त राजस्व नगर पंचायत को उपलब्ध कराने के लिए जिला बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति एवं संबंधित विभागों को प्रस्ताव भेजने की मांग की. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के निकट मांस-मछली की दुकानों के संचालन पर रोक के नियम के बावजूद प्रोजेक्ट बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप दुकान संचालित हो रही है. इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई करते हुए दुकान को बंद कराया जाये. साथ ही 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर मंडी रोड एवं सत्तू गली को अतिक्रमणमुक्त कराने, नियमित सफाई, बिजली पोलों पर रोशनी तथा नगर पंचायत क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की मांग की. सदस्य गौरव झा ने रामपट्टी पंचायत में स्वच्छता भुगतान की जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं होने का मामला उठाया. उन्होंने बताया कि सरस्वती मंदिर के पास लघु सिंचाई विभाग की ओर से लगाया गया नलकूप पाइप खराब होने के कारण अनुपयोगी बना हुआ है. उन्होंने बाबा सिंहेश्वर के नाम पर एक पुस्तकालय की स्थापना तथा स्टेडियम के लिए भूमि चिह्नित करने की मांग की. बैठक के दौरान अध्यक्ष हरेंद्र मंडल ने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी को प्रतिदिन मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया. वहीं एमओ को गैस एजेंसियों की नियमित जांच करने को कहा गया. उपाध्यक्ष विष्णु शर्मा ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जलजमाव की समस्या का मुद्दा उठाया. बैठक में सांसद प्रतिनिधि राजेश कुमार झा, सदस्य अशोक साह, रमेश कुमार भारती, मो मोसिम, ऊषा देवी, धनेश्वर राम, मोहन यादव, अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रोहित कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राजकुमार कुशवाहा, पीओ सुधांशु शेखर, रिशु आनंद आदि उपस्थित थे. बैठक में अनुपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >