Madhepura उदाकिशुनगंज में तेज रफ्तार ट्रक ने ली स्कूली छात्र की जान, आक्रोशित लोगों ने किया एनएच-106 जाम

उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित पटेल चौक और कॉलेज चौक के बीच वेलफेयर स्कूल के पास एनएच-106 पर सोमवार के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय स्कूली छात्र की मौके पर ही मौत हो गई.

मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज से कौनैन बशीर की विस्तृत रिपोर्ट Madhepura News : उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित पटेल चौक और कॉलेज चौक के बीच वेलफेयर स्कूल के पास एनएच-106 पर सोमवार के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय स्कूली छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान उदाकिशुनगंज नगर परिषद के जमुनिया वार्ड संख्या 22 निवासी अरविंद यादव के इकलौते पुत्र देवराज कुमार के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार देवराज कुमार रोज की तरह सुबह अपने घर से कोचिंग जाने के लिए निकला था. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक साईकिल सवार किशोर को करीब 30 मीटर दूर तक घसिटते रहें. जिस कारण किशोर के शरीर चिथरा हो गया. इस दौरान चालक गाड़ी लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे. तभी लोगों ने ट्रक को घेर लिया. लेकिन चालक फरार हो गया. वही हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और एनएच-106 को जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने के साथ-साथ इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की. जाम के कारण कई घंटों तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सूचना मिलने पर उदाकिशुनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया. थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है। इस संदर्भ में मामला दर्ज किया जाएगा. ट्रक चालक और मालिक की पहचान की जा रही है. वहीं सूचना पर बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित भी घटना स्थल पर पहुंचे. जहां तत्काल परिजन को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हज़ार रूपया का चेक दिया गया. बीडीओ सह प्रभारी सीओ गुलजारी कुमार पंडित ने बताया कि आगे मुआवजा की प्रक्रिया अपनाया जाएगा. वही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी. इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष ने कहा घटना बेहद दुखद है. प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है. घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द ही वहां स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके. प्रशासन के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हुआ. इधर मृतक देवराज कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उदाकिशुनगंज मुख्यालय क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं. लोगों ने मांग की है कि दिन के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >