फोटो- मधेपुरा 58- प्रस्तुति देते स्कूली बच्चें प्रतिनिधि, मधेपुरा लिटिल बर्ड्स स्कूल परिसर में दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना से हुई. इस दौरान बच्चों को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की जानकारी दी गई तथा उनके महत्व और पौराणिक संदर्भों पर प्रकाश डाला गया. इसके पश्चात पूरे भक्ति भाव के साथ दुर्गा मां की आरती संपन्न हुई, जिसमें सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया. पूजा के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के बच्चों ने नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा. इसके माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि जीवन में चाहे कितनी भी कठिनाइयां या बुराइयां क्यों न आएं, अंततः अच्छाई की ही विजय होती है. विद्यालय प्रचार्या नंदिनी बरनवाल ने अपने संबोधन में बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया तथा ऐसे आयोजनों से प्राप्त नैतिक शिक्षा को जीवन में उतारने पर बल दिया. पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार ने एकजुट होकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई. यह कार्यक्रम बच्चों के लिए धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम साबित हुआ.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
