बलुआ टोला में एक ही रात नौ घरों में भीषण चोरी, करीब 25 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ

नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, कपड़े समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए.

उदाकिशुनगंज उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित बलुआ टोला में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ नौ घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना उस समय हुई जब सभी परिवार के सदस्य गहरी नींद में सोए हुए थे. मंगलवार की सुबह जब लोग उठे तो घरों के दरवाजे व ताले टूटे हुए और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से एक-एक कर सहित नौ घरों में प्रवेश किया और नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, कपड़े समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए. पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है. जिन घरों में चोरी की घटना हुई है, उनमें रमेश मुखिया, नरेश मुखिया (दोनों भाई), सीताराम मिस्त्री, नंदकिशोर मिस्त्री, मधु मंडल, मणि मुखिया, खोखा मुखिया, विधानंद मुखिया एवं अभिनंदन यादव शामिल हैं. बताया जाता है कि चोरों ने घरों के अंदर रखे बक्से, अलमारी व अन्य कीमती सामान रखने वाले स्थानों को निशाना बनाया. कई घरों में ताले तोड़कर अलमारियों को खंगाला गया और जेवरात व नकदी निकाल ली गई. घटना के बाद चोर भागने के दौरान कुछ सामान घरों के आसपास और नजदीकी खेतों में बिखरा हुआ छोड़ गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे जल्दबाजी में फरार हुए. इधर सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घरों पर जुट गए. एक ही रात में इतने बड़े पैमाने पर हुई चोरी से पूरे बलुआ टोला में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात में नियमित गश्त होती तो इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था. लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. वही सूचना मिलने के बाद उदाकिशुनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी है तथा संदिग्धों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. इस संबंध में थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है. सभी पहलुओं पर जांच करते हुए जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. इधर घटना के बाद से प्रभावित परिवारों में भय और आक्रोश का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से जल्द खुलासा करने और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >