मधेपुरा.
पसमांदा मंसूरी डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन अपना पहला प्रतिष्ठित अवार्ड जननायक कर्पूरी ठाकुर रत्न सम्मान 2025 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देगा. इसके लिए पटना के बापू सभागार में समारोह का आयोजन होगा, जहां देश के पसमांदा अरजाल अतिपिछड़ा बहुजनों के दिग्गजों की जमघट लगेगी.कार्यक्रम में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनेगी. उक्त बातें कार्यक्रम के सूत्रधार पीएमडीआरएफ के निदेशक सह पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय संयोजक प्रो फिरोज मंसूरी ने कही. प्रो फिरोज ने बताया कि अतिपिछड़ा वर्ग अंतर्गत आने वाले पसमांदा अरजाल की राज्य स्तरीय बैठक में बिहार के सभी विधानसभा क्षेत्रों से आये समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि अतिपिछड़ा समाज बिहार की सबसे बड़ी 40 प्रतिशत आबादी है. राजनीतिक दलों को जनसंख्या अनुपात में हिस्सेदारी देनी ही होगी. जननायक कर्पूरी ठाकुर के समाज को हाशिये पर रखना अब बर्दाश्त नहीं होगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 112 अतिपिछड़ा जातियों के साथ न्याय करना होगा. 2015 में आरक्षण की जो हकमारी हुई थी, उसकी समीक्षा करनी होगी. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे मुद्दे पर समाज अब गंभीर है. प्रो फिरोज ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में यदि प्रमुख दलों ने हिस्सेदारी सुनिश्चित नहीं किया तो पूरे बिहार में अति पिछड़ा विरोधी दलों को हराने के लिए राज्य स्तरीय अभियान चलाया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
