PM Surya Ghar Yojana: मधेपुरा. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से मधेपुरा एवं उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के लिए बिजली विभाग की ओर से भव्य सोलर मेले का आयोजन किया गया. मेले का निरीक्षण उप विकास आयुक्त अनिल बसाक ने किया और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
सोलर तकनीक और सब्सिडी की दी गई जानकारी
मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा सोलर पैनल, इन्वर्टर, बैटरी, सोलर लाइटिंग सिस्टम एवं अन्य उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई. विशेषज्ञों ने लोगों को सौर ऊर्जा के लाभ, स्थापना प्रक्रिया, सरकारी सब्सिडी और लागत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों पर पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त की.
ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
उप विकास आयुक्त अनिल बसाक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ा जाए. उन्होंने पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर ऑन-द-स्पॉट आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
200 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं को करें प्रेरित
डीडीसी ने अभियंताओं एवं अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि जिन उपभोक्ताओं की मासिक बिजली खपत 200 यूनिट से अधिक है, उन्हें चिन्हित कर उनके यहां सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया जाए. उन्होंने बैंकों को भी निर्देश दिया कि ऋण आवेदनों का शीघ्र अनुमोदन करें, ताकि लाभुकों के घरों में जल्द सोलर प्लांट स्थापित हो सके.
कई उपभोक्ताओं का बिजली बिल हुआ शून्य
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत सोलर संयंत्र लगाने के बाद कई उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है. इनमें विनोद कुमार, शशि कुमार उपेंद्र, तेजनारायण प्रसाद, आर.के. मल्लिक, मनोरमा सिन्हा, संदीप, रजनी कुमारी, सुषमा गुप्ता, सुकेश कुमार राणा, सुमन सौरभ जयंत, प्रशांत कुमार, गुलजार बंटी सहित कई अन्य उपभोक्ता शामिल हैं.
ऑनलाइन आवेदन और तकनीकी सहायता की सुविधा
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाई गई है. विभाग द्वारा तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो. अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर उपभोक्ता आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं.
सौर ऊर्जा को बताया भविष्य की जरूरत
PM Surya Ghar Yojana: डीडीसी ने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी लाभकारी है. इससे बिजली बिल में कमी आती है और कार्बन उत्सर्जन भी घटता है. उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.कार्यक्रम में बिजली विभाग के एसडीओ दीपक कुमार, तारानंद यादव, वरीय राजस्व प्रबंधक विजय कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार, राजीव रंजन, कनीय विद्युत अभियंता सुशील कुमार, विशाल कुमार, मुकेश कुमार, अमरनाथ गुप्ता, अमित कुमार, धीरज कुमार, पांडव कुमार, लेखा पदाधिकारी राकेश सिंह, दीपक वर्मा सहित विभागीय अधिकारी, कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
