नप क्षेत्र के मोहल्ले में कच्ची सड़क से आवाजाही करते हैं लोग, आक्रोश

मोहल्लेवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर परिषद प्रशासन के साथ-साथ वार्ड पार्षद पर सौतेलापन का आरोप लगाया

उदाकिशुनगंज उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 स्थित चौधरी मोहल्ला के करीब 50 परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं. मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि नगर परिषद प्रशासन और वार्ड पार्षद की उदासीनता के कारण आज तक यहां पक्की सड़क, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और कूड़ा निस्तारण जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं. कच्ची सड़क और जलजमाव के बीच आवाजाही करने को विवश लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है. मोहल्लेवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर परिषद प्रशासन के साथ-साथ वार्ड पार्षद पर सौतेलापन का आरोप लगाया. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण विकास कुमार पासी, संजीत पासी, रविंद्र ठाकुर, नंदकिशोर ठाकुर, रतन ठाकुर, विलास पासी, कैलाश राम, हरेकृष्ण ठाकुर, शंभू ठाकुर, चंदन ठाकुर, दिलीप ठाकुर, बालवीर ठाकुर, रूबी देवी, सुलेखा देवी, अनीता देवी, मालती देवी, ललिता देवी, रीना देवी, सुशीला देवी, चुन्नी देवी एवं ब्यूटी देवी समेत अन्य लोगों ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में रहने के बावजूद उन्हें विकास योजनाओं का कोई लाभ नहीं मिल रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि एनएच-106 मुख्य सड़क से पूरब दिशा में स्थित बायपास सड़क तक जाने के लिए भीसी (छहर) पर अब तक ढलाई सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है. बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है तथा लोगों को कीचड़ और जलजमाव के बीच होकर गुजरना पड़ता है. उन्होंने कहा कि मोहल्ले में नियमित साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है. अब तक न तो सफाई कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है और न ही कूड़ा निस्तारण के लिए एक भी कूड़ादान लगाया गया है. मोहल्लेवासियों ने यह भी बताया कि तीन पोल पर लगाए गए वेपर लाइट में से दो लाइट महीनों से खराब पड़े हैं, जिससे रात के समय अंधेरे में आवाजाही करनी पड़ती है. इसके अलावा आबादी के ऊपर से दो-दो 33 हजार वोल्ट के बिजली तार गुजर रहे हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे नगर परिषद कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे. इधर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार रजक ने बताया कि मोहल्ले में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जल्द सफाई कर्मी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा कूड़ा पात्र भी लगाया जाएगा. खराब वेपर लाइट को बदलकर नई लाइट लगाई जाएगी. उन्होंने कहा कि उक्त मोहल्ले में ढलाई सड़क निर्माण का प्रस्ताव लिया गया है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >