ड्यूटी पर चौकीदार बिना वर्दी के देखे जाने पर निलंबन की अनुसंसा की जायेगी : एसडीएम
– मुहर्रम त्यौहार को लेकर आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई : एसडीएम
प्रतिनिधि
उदाकिशुनगंज
मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी पंकज घोष की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय के सभागार में अनुमंडलीय स्तरीय शांति समिति की बैठक की गयी. अनुमंडल पदाधिकारी पंकज घोष ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है. सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. मुहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजिया जुलूस के लिए शत प्रतिशत लाइसेंस लेना अनिवार्य है. बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकाला जाएगा. इसके अलावा लाइसेंस में अंकित समय का अनुपालन करना अनिवार्य होगा. जुलूस के दौरान बाइक का प्रयोग वर्जित रहेगा. बैठक के दौरान एसडीएम ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र के लगभग 100 से अधिक डीजे मालिकों को नोटिस भेजा गया है. वही डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. एसडीएम ने बैठक के दौरान कहा है कि सभी चौकीदार वर्दी में रहेंगे,बिना वर्दी के देखे जाने पर निलंबन की अनुसंसा की जायेगी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. एसडीएम ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष को संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण स्थान एवं रैन स्थलों का भ्रमण करने का निर्देश दिया गया. बैठक के दौरान एसडीपीओ अविनाश कुमार ने कहा कि मुहर्रम के दौरान आपसी सामाजिक सौहार्द कायम रखने की जरूरत है. इसके साथ ही अनुमंडल प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जायेगी. उन्होंने उपस्थित सदस्यों से कहा कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर अविलंब प्रशासन को अभिलंब सूचित करेंगे. इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन की मदद से भी सर्विलेंस की जाएगी. एसडीपीओ ने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान शांति,भाईचारा व विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बैठक में उपस्थित दोनों समुदाय के लोगों से सहयोग की अपील की. बताया गया कि जिस प्रकार रामनवमी का जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है. उसी प्रकार मोहर्रम का जुलूस भी हमें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है. बैठक में पुर्व मुखिया अब्दुल अहद,विकासचंद्र यादव,किशोर कुमार,अबुसालेह सिद्दीकी,सिकन्दर अंसारी,प्रदीप मंडल,हरिलाल मंडल,कमलेश्वरी मेहता,प्रकाश मिश्र, कुलकुल सिंह,मणिकांत सिंह सहित अनुमंडल क्षेत्र के थानाध्यक्ष,बीडीओ,सीओ व अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
