मधेपुरा के मुरलीगंज में सेना से लौटे नायब सूबेदार का भव्य अभिनंदन, पूरे गांव ने किया सम्मान

भारतीय सेना में 24 वर्षों तक सेवा देने के बाद जब नायब सूबेदार जय प्रकाश यादव अपने पैतृक गांव लौटे, तो उनका स्वागत किसी उत्सव से कम नहीं था. ग्रामीणों ने बैंड-बाजे, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के बीच उनका भव्य अभिनंदन किया. यह गांव के लिए गर्व का क्षण था.

Madhepura News: मधेपुरा. भारतीय सेना में 24 वर्षों तक सेवा देने के बाद जब नायब सूबेदार जय प्रकाश यादव अपने पैतृक गांव लौटे, तो उनका स्वागत किसी उत्सव से कम नहीं था. मुरलीगंज प्रखंड के जोरगामा पंचायत स्थित वार्ड संख्या एक में ग्रामीणों ने बैंड-बाजे, फूल-मालाओं, भारत माता के जयकारों और आतिशबाजी के बीच उनका भव्य अभिनंदन किया.

गांव में उनके आगमन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए जुट गए. महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर आरती उतारी, जबकि युवाओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर खुशी जाहिर की.

2002 में सेना में भर्ती होकर पहुंचे नायब सूबेदार पद तक

जय प्रकाश यादव वर्ष 2002 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे. उन्होंने सिपाही के रूप में अपनी सेवा शुरू की और लगातार पदोन्नति प्राप्त करते हुए नायब सूबेदार के पद तक पहुंचे. वे स्वर्गीय शत्रुघ्न यादव के पुत्र हैं.

ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव के लिए यह गर्व का क्षण है कि यहां का एक बेटा भारतीय सेना में लंबे समय तक सेवा देने के बाद सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होकर गांव लौटा है.

परिवार में कई सदस्य कर चुके हैं देश सेवा

जय प्रकाश यादव के बड़े भाई जयकुमार यादव वर्तमान में सीआरपीएफ में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं. उनके चचेरे भाई और सेवानिवृत्त सैनिक पवन यादव ने बताया कि परिवार के कई सदस्य भारतीय सेना और अर्द्धसैनिक बलों में देश सेवा कर चुके हैं और आज भी राष्ट्र सेवा में योगदान दे रहे हैं.

उन्होंने कहा कि परिवार में देशभक्ति की परंपरा लंबे समय से रही है और नई पीढ़ी भी उसी मार्ग पर आगे बढ़ रही है.

युवाओं से सेना में भर्ती होने की अपील

स्वागत समारोह के दौरान नायब सूबेदार जय प्रकाश यादव ने कहा कि भारतीय सेना में सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव रहा है. उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद समाज सेवा में सक्रिय रहने की इच्छा जताई और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया.

उन्होंने कहा कि सेना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि अनुशासन, सम्मान और देशभक्ति का जीवन है, जो व्यक्ति को मजबूत और जिम्मेदार बनाता है.

अग्निवीर योजना पर पुनर्विचार की अपील

जय प्रकाश यादव ने सरकार से अग्निवीर योजना पर पुनर्विचार करने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि युवाओं के मनोबल और सैन्य सेवा के प्रति बढ़ते संकोच को देखते हुए इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए.

उनके इस वक्तव्य पर उपस्थित ग्रामीणों और युवाओं के बीच भी चर्चा हुई और कई लोगों ने सेना में भर्ती की पारंपरिक व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे.

Madhepura News: बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में चंद्रकिशोर कुमार, सत्यनारायण यादव, नरेश कुमार, गौरव यादव, अमर कुमार राज, नीतीश कुमार, अमृत राज, अरुण यादव, संतोष यादव, मदन यादव, कैलाश यादव, सदानंद पासवान, शिवशंकर, ओम प्रकाश और बेचन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

स्वागत समारोह पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा और गांव के लोगों ने इसे अपने क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का अवसर बताया.

Also Read: Prashant Kishor Won Bankipur Seat: क्या प्रशांत किशोर की जीत ने जातिवाद मॉडल का किया सफाया? PK की स्ट्रैटेजी की चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >