मुरलीगंज (मधेपुरा). दुर्गा स्थान के समीप स्टेट हाईवे-91 पर चौराहे से रेलवे ढाला तक गुरुवार दोपहर करीब दो बजे टेंपो खड़ा करने और रास्ता अवरुद्ध होने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. मारपीट में दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
टेंपो हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
एक पक्ष के बुंदेल पासवान ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी टोटो सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान किरणदेव यादव सहित चार लोग वाहन हटाने का दबाव बनाने लगे. विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई, जिसमें वह और उनके साले घायल हो गए.
दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप
दूसरे पक्ष के किरणदेव यादव ने भी थाना में आवेदन देकर चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि प्लाई मिल के सामने अनधिकृत रूप से टेंपो खड़ा कर दिया गया था, जिससे ट्रैक्टरों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी. वाहन हटाने का अनुरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी, जिसमें उनके पक्ष के दो लोग घायल हो गए.
अस्पताल में हुआ उपचार
घटना के बाद दोनों पक्षों के घायलों को परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. वहां डॉ. मेराज आलम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
