तिथि की बड़ी चूक के कारण नगर परिषद की सैरात बंदोबस्ती स्थगित
तिथि की बड़ी चूक के कारण नगर परिषद की सैरात बंदोबस्ती स्थगित
By Kumar Ashish | Updated at :
विज्ञापन में 2026 की जगह अंकित थी 2025 की तारीख, एनआर कटाने को लेकर अधिकारियों और लोगों में हुई तीखी बहस
उदाकिशुनगंज. नगर परिषद क्षेत्र में हाट-बाजार व छोटे वाहनों की सैरात बंदोबस्ती की प्रक्रिया तिथि संबंधी गंभीर तकनीकी त्रुटि के कारण अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी है. सोमवार को होने वाली इस महत्वपूर्ण बंदोबस्ती प्रक्रिया को अंतिम समय में निरस्त करना पड़ा. जानकारी के अनुसार, हाट-बाजार व छोटे वाहनों से टैक्स वसूली के लिए जारी कार्यालय अधिसूचना एवं विज्ञापन में सैरात बंदोबस्ती की तिथि 23, 24 एवं 25 मार्च 2025 अंकित थी, जबकि वर्तमान वर्ष 2026 मानकर यह प्रक्रिया सोमवार को आयोजित की जा रही थी. इसी लिपिकीय त्रुटि के चलते मौके पर भारी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
एनआर वितरण को लेकर बढ़ा विवाद
अधिसूचना के नियमों के अनुसार, एनआर (नॉन-रिफंडेबल) कटाने की तिथि बंदोबस्ती से दो दिन पूर्व निर्धारित थी. आरोप है कि सोमवार को प्रक्रिया शुरू होने से मात्र एक घंटे पहले ही मनमाने ढंग से तीन नये एनआर काटे गए. इस बात को लेकर पूर्व में नियमतः एनआर कटाने वाले लोगों व उपस्थित अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई. यह मामला तब और गरमा गया जब विज्ञापन एवं अधिसूचना में अंकित तिथि की विसंगति की ओर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार का ध्यान आकृष्ट कराया गया.
कार्यपालक पदाधिकारी ने स्वीकार की त्रुटि
इस पूरे घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण देते हुए कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार ने स्वीकार किया कि तिथि को सूक्ष्मता से नहीं देखने के कारण यह बड़ी त्रुटि हुई है. उन्होंने बताया कि सोमवार को प्रस्तावित सैरात बंदोबस्ती की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है. बताया गया कि सैरात बंदोबस्ती की नयी तिथि जल्द ही क्षेत्रीय अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित कर सार्वजनिक की जाएगी. इसके बाद ही पूरी पारदर्शिता के साथ पुनः नियमानुसार बंदोबस्ती की प्रक्रिया संपन्न करायी जाएगी.