मधेपुरा से कुमार आशीष की रिपोर्ट
Muharram 2026: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मधेपुरा पुलिस ने जिलेवासियों से विशेष अपील की है. पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए पर्व मनाने का अनुरोध किया है. इसके साथ ही लोगों से अफवाहों से दूर रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.
मुहर्रम जुलूस के लिए जारी किए गए खास दिशा-निर्देश
मधेपुरा पुलिस ने मुहर्रम जुलूस को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने कहा है कि जुलूस के दौरान निर्धारित रूट और समय का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए. साथ ही यातायात नियमों का पालन करते हुए शांति और अनुशासन बनाए रखा जाए. पुलिस ने सभी आयोजकों से आपसी एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की अपील की है.
डीजे और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे या लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं किया जाए. ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकता है. इसके अलावा इमामबाड़ा और अखाड़ा स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई है.
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बचने की अपील
मधेपुरा पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सतर्क किया है. पुलिस ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और न ही उस पर ध्यान दें. जुलूस या कार्यक्रम से जुड़ी भ्रामक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें. साथ ही किसी भी प्रकार के विवादित नारे, मारपीट या अशांति फैलाने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर नरकटियागंज में फूटा गुस्सा, कैंडल और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा
Muharram 2026 :अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वाले, सांप्रदायिक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वाले और अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने कहा कि मुहर्रम का संदेश शांति, त्याग और मानवता का है. सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और जिले में शांति तथा सौहार्द की परंपरा को मजबूत करें.
किसी भी आपात स्थिति में लोग डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर नरकटियागंज में फूटा गुस्सा, कैंडल और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा
