Madhepura News: मधेपुरा सदर अस्पताल में गंभीर कुपोषण से पीड़ित बच्चों के बेहतर इलाज और देखभाल के लिए मंगलवार को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का शुभारंभ किया गया. जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने सदर अस्पताल परिसर स्थित इस केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया. इस केंद्र में छह माह से पांच वर्ष तक के गंभीर कुपोषित बच्चों को 21 दिनों तक भर्ती कर समुचित उपचार और पोषण संबंधी सेवाएं प्रदान की जाएंगी.
कुपोषित बच्चों को मिलेगा समुचित इलाज और पोषण
जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र में गंभीर कुपोषण से पीड़ित बच्चों को चिकित्सकीय देखरेख में रखा जाएगा. इस दौरान उन्हें आवश्यक दवाइयों के साथ पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो सके.
केंद्र में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल-कूद और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.
माताओं को भी मिलेगी मुफ्त सुविधा और आर्थिक सहायता
पोषण पुनर्वास केंद्र की खास बात यह है कि बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी केंद्र में रहने की सुविधा दी जाएगी. भर्ती अवधि के दौरान माताओं को निःशुल्क भोजन, आवास और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
इसके अलावा माताओं को प्रतिदिन 100 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि भी दी जाएगी, ताकि इलाज के दौरान उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
“भरत तिवारी अमर रहे…”, नारे और पोस्टर के साथ सीतामढ़ी की सड़कों पर उतरा सवर्ण समाज.
पोषण और स्वच्छता की दी जाएगी व्यवहारिक जानकारी
केंद्र में भर्ती बच्चों की माताओं को केवल स्वास्थ्य सेवाएं ही नहीं, बल्कि बच्चों के उचित पालन-पोषण, पोषण, स्वच्छता, शिक्षा और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी व्यवहारिक जानकारी भी दी जाएगी. इसका उद्देश्य कुपोषण की समस्या को जड़ से खत्म करना है.
इसे भी पढ़ें: NEET Re-exam में असली उम्मीदवारों की जगह बैठे सॉल्वर, लखीसराय से 9 गिरफ्तार, यहां के मेडिकल छात्र पकड़े गए
आशा कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रोत्साहन
स्वास्थ्य विभाग ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रोत्साहन की व्यवस्था की है. यदि कोई आशा कार्यकर्ता गंभीर कुपोषित बच्चे को पोषण पुनर्वास केंद्र तक लेकर आती हैं, तो उन्हें 200 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी.
उद्घाटन समारोह के दौरान सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार, उपाधीक्षक डॉ सचिन कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रिंस कुमार, अस्पताल प्रबंधक कुमार नवनीत चंद्र, जीएनएम, चिकित्सक और अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: लखीसराय में ‘सॉल्वर गैंग’ का भंडाफोड़, मेडिकल कॉलेजों के छात्र दूसरे की जगह दे रहे थे परीक्षा
