मधेपुरा से अमन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
Madhepura News: मधेपुरा शहर में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. शहर की मुख्य सड़कों पर फुटकर दुकानों, ठेलों और अवैध पार्किंग के कारण जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है. वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. सड़क के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानें लगने और ग्राहकों द्वारा वाहन सड़क पर खड़े कर देने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
हर दिन जाम का संकट
शहर के स्टेशन चौक से कर्पूरी चौक, पूर्णिया गोला चौक, पुरानी कचहरी चौक, सुभाष चौक और कॉलेज चौक तक सड़क किनारे बड़ी संख्या में फुटकर दुकानें संचालित हो रही हैं. ट्रैफिक का दबाव बढ़ते ही इन इलाकों में जाम लगना आम बात हो गई है.
विशेष रूप से पुरानी कचहरी चौक से एसएनपीएम प्लस टू विद्यालय तक की सड़क पर दोनों ओर सब्जी विक्रेताओं और ठेला चालकों का कब्जा बना रहता है. दोपहर से देर रात तक सड़क किनारे लगी दुकानों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
अतिक्रमण से बढ़ा दुर्घटना का खतरा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क संकरी होने और भीड़भाड़ बढ़ने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है. कई जगहों पर सड़क का बड़ा हिस्सा दुकानदारों और अस्थायी कारोबारियों के कब्जे में है, जिससे वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती.
कॉलेज चौक से बीपी मंडल चौक (पुराना बस स्टैंड) जाने वाली सड़क पर भी अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है.
सीमांकन के बावजूद जारी है कब्जा
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर परिषद द्वारा नाला निर्माण के बाद कई दुकानदार नाले के अंदर की जमीन को अपना हिस्सा मानकर उपयोग कर रहे हैं. जबकि पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा सड़क किनारे कई स्थानों पर पिलर लगाकर सीमांकन किया जा चुका है.
इसके बावजूद सरकारी जमीन पर अतिक्रमण जारी है. फल विक्रेताओं, ठेला चालकों और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण पुरानी कचहरी और पूर्णिया गोला चौक जैसे क्षेत्रों में जाम की समस्या सबसे अधिक देखने को मिल रही है.
कार्रवाई की मांग तेज
शहरवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जब तक सड़क किनारे अवैध कब्जों और अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण नहीं होगा, तब तक जाम की समस्या से राहत मिलना मुश्किल है.
