Madhepura news: मधेपुरा से कौनैन बशीर की रिपोर्ट:
मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज प्रखंड सहित आसपास के पंचायतों में लाखों रुपये की लागत से बनाए गए बास्केटबॉल कोर्ट अब बदहाल स्थिति में पहुंच गए हैं. खिलाड़ियों के अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए बनाए गए ये मैदान अब मक्का सुखाने और अन्य घरेलू कार्यों में इस्तेमाल हो रहे हैं.
खाड़ा पंचायत समेत कई ग्रामीण इलाकों में बने बास्केटबॉल कोर्ट पर अब खेल गतिविधियां लगभग बंद हो चुकी हैं. जहां कभी युवाओं के खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं की उम्मीद की गई थी, वहां आज किसानों की मक्का की फसल सूखती नजर आ रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में बच्चों और युवाओं में खेल को लेकर उत्साह जरूर था, लेकिन खेल सामग्री, प्रशिक्षकों और नियमित प्रतियोगिताओं के अभाव में धीरे-धीरे मैदान वीरान हो गए. प्रशासनिक उदासीनता के कारण यह योजना अब अपनी पहचान खोती जा रही है.
ग्रामीण युवाओं का कहना है कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और सुविधाओं की है. यदि पंचायत स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए तो ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.
ग्रामीणों ने कहा कि सरकार की अच्छी योजनाएं निगरानी और देखरेख के अभाव में दम तोड़ रही हैं. अब सवाल उठने लगा है कि क्या ग्रामीण खेल विकास की यह योजना सिर्फ निर्माण कार्य तक सीमित रह जाएगी या इन मैदानों में फिर से खेल गतिविधियां शुरू होंगी.
ALSO READ: कुमारखंड में संदिग्ध हालत में मिली लावारिस कार,जांच में जुटी पुलिस
