मधेपुरा- प्रेसवार्ता में जानकारी देते विनीता भारती | Prabhat Khabar Network

मधेपुरा नगर परिषद में ₹2.50 लाख की एक लाइट! गायब हुए फाइल के 14 पन्ने, पूर्व प्रत्याशी विनीता भारती का बड़ा धमाका

मधेपुरा नगर परिषद में सड़कों की लाइट खरीद में करोड़ों के घोटाले का आरोप लगा है. पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने दस्तावेजों के साथ वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा किया है. सरकारी फाइलों से पन्ने गायब होने का भी आरोप है.

Madhepura Nagar Parishad Scam: मधेपुरा शहर की सड़कों को रोशन करने के नाम पर क्या जनता की गाढ़ी कमाई की लूट हो रही है. यह सवाल उस वक्त पूरे शहर में कौतूहल का विषय बन गया, जब पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने नगर परिषद की कार्यशैली और मुख्य पार्षद की चुप्पी पर जोरदार हमला बोला. एक तरफ जहां बाजार में 60 से 80 हजार रुपये में मिलने वाली लाइट को ढाई लाख रुपये प्रति यूनिट के भाव से खरीदा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ नगर परिषद की सरकारी फाइलों से रहस्यमयी तरीके से दर्जनों पन्ने ही गायब कर दिए गए हैं. इस पूरे वाकये ने मधेपुरा की स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक साख को कठघरे में खड़ा कर दिया है.

60 हजार की लाइट ढाई लाख में! जेम पोर्टल के आंकड़ों से खुला राज

रविवार को अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व पार्षद विनीता भारती ने दस्तावेजों के साथ नगर परिषद में चल रही कथित वित्तीय अनियमितताओं की पोल खोली. उन्होंने दावा किया कि उनके पास सरकारी जेम पोर्टल समेत कई ऐसे पुख्ता दस्तावेज मौजूद हैं, जो खरीद में हुए बड़े घोटाले की गवाही दे रहे हैं. शहर में लगाए गए लाइट और एलईडी के नाम पर भारी रकम का भुगतान किया गया है. जिस क्षमता वाली लाइट दूसरे नगर परिषदों में महज 60 से 80 हजार रुपये में खरीदी गई, उसी एक लाइट के लिए मधेपुरा नगर परिषद ने करीब 2.50 लाख रुपये प्रति यूनिट चुकाए हैं. इसके अलावा डस्टबिन खरीद और प्याऊ निर्माण की आड़ में भी भारी फर्जीवाड़ा किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है.

सरकारी संचिका से 14 पन्ने गायब, बिना बोर्ड बैठक फैसलों की आशंका

वित्तीय गड़बड़ी के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर की जा रही जालसाजी का एक बेहद ही संगीन मामला सामने आया है. विनीता भारती ने खुलासा किया कि नगर परिषद की एक महत्वपूर्ण सरकारी फाइल में क्रमांक का भारी हेरफेर पाया गया है. संचिका में 216 नंबर तक की प्रविष्टि के बाद सीधे 231 नंबर दर्ज कर दिया गया है, जबकि बीच के 217 से 230 तक के कुल 14 पन्ने गायब हैं. उन्होंने आशंका जताई कि बिना बोर्ड की बैठक बुलाए और बिना पार्षदों की मंजूरी के अपने मनचाहे फैसलों को पिछली तारीखों में पास कराने के लिए ही इन पन्नों को जानबूझकर खाली छोड़ा गया है. पिछले एक साल से नियमित बोर्ड बैठक न होना इस संदेह को और मजबूत करता है.

'कल तक जिसके खिलाफ शिकायत, आज उसी के साथ साठगांठ', मुख्य पार्षद पर उठाए सवाल

इस प्रेसवार्ता में सबसे तीखा वार मुख्य पार्षद की कार्यशैली और दोहरे रवैये पर किया गया. विनीता भारती ने याद दिलाया कि लगभग एक वर्ष पूर्व मुख्य पार्षद ने खुद कार्यपालक पदाधिकारी और कुछ चुनिंदा कर्मचारियों पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए थे. उस समय कई पार्षदों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री तक को आवेदन भेजा गया था और जांच की मांग की गई थी. लेकिन आज वही मुख्य पार्षद उन्हीं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं. मधेपुरा की जनता अब यह सवाल पूछ रही है कि जब वे अधिकारी और कर्मचारी गलत थे, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई और आज उनके साथ मिलकर काम किस मजबूरी या समझौते के तहत हो रहा है.

Madhepura Nagar Parishad Scam: 7 दिनों का अल्टीमेटम, मांगें पूरी न होने पर सड़कों पर उतरेगी जनता

इस पूरे घटनाक्रम ने मधेपुरा की आम जनता के मन में गहरा असंतोष भर दिया है. शहर के लोग टैक्स देते हैं ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिल सकें, लेकिन उनके पैसों का दुरुपयोग देखकर गुस्सा पनप रहा है. विनीता भारती ने पिछले एक वर्ष के दौरान आयोजित सभी बैठकों, कार्यवाही पुस्तिका और भुगतान से जुड़े अभिलेखों की सार्वजनिक जांच की मांग की है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर मुख्य पार्षद विभाग को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की सिफारिश नहीं करती हैं, तो वे आम जनता को एकजुट कर एक बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगी. अब देखना यह होगा कि इस अल्टीमेटम के बाद नगर परिषद प्रशासन क्या कदम उठाता है.

Also Read: बिहार MLC चुनाव: जन सुराज ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, PK ने शिक्षकों से किया ये वादा

Also Read: अनंत-नीरज की पुरानी सियासी जंग फिर चर्चा में, जानें 10 साल पुरानी सियासी दुश्मनी की पूरी कहानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >