Madhepura News: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज प्रखंड की मधुबन पंचायत में पंचायत सरकार भवन और अन्य विकास योजनाओं के निर्माण में आ रही बाधाओं का मामला अब राज्य स्तर तक पहुंच गया है. पंचायत की मुखिया पूजा कुमारी ने पटना में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से मुलाकात कर पंचायत सरकार भवन, विवाह भवन और अन्य लंबित विकास कार्यों को लेकर लिखित आवेदन सौंपा. इस मुलाकात के बाद पंचायत में वर्षों से अटकी योजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद तेज हो गई है.
पंचायत सरकार भवन अब तक नहीं बन सका
मुखिया पूजा कुमारी ने मंत्री को बताया कि पंचायत में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन विभिन्न स्तरों पर उत्पन्न बाधाओं के कारण कई महत्वपूर्ण योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही हैं.
उन्होंने विशेष रूप से पंचायत सरकार भवन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मधुबन पंचायत में आज तक पंचायत सरकार भवन का निर्माण नहीं हो सका है. इसके अलावा विवाह भवन सहित अन्य विकासात्मक परियोजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.
विकास कार्यों में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप
मुखिया ने मंत्री के समक्ष आरोप लगाया कि राजनीतिक भावना से प्रेरित कुछ लोग पंचायत के विकास कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं.
उनका कहना था कि जब भी पंचायत सरकार भवन, विवाह भवन या किसी अन्य विकास योजना को शुरू कराने की पहल की जाती है, किसी न किसी स्तर पर अड़चन खड़ी कर दी जाती है. इससे पंचायत का विकास प्रभावित हो रहा है और इसका सीधा असर आम ग्रामीणों पर पड़ रहा है.
विधायक के गृह पंचायत में भी लंबित है योजना
बताया गया कि मधुबन पंचायत स्थानीय विधायक निरंजन मेहता का गृह पंचायत है. इसके बावजूद पंचायत सरकार भवन जैसी महत्वपूर्ण योजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है.
मुखिया ने मंत्री से आग्रह किया कि मामले में हस्तक्षेप कर लंबित योजनाओं को शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि पंचायत के लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके.
मंत्री ने दिया समाधान का भरोसा
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने मुखिया पूजा कुमारी और उनके प्रतिनिधि प्रीतम कुमार मंडल की बातों को गंभीरता से सुना.
उन्होंने दोनों को पटना आने के लिए कहा, ताकि पंचायत की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जा सके. मंत्री ने आश्वासन दिया कि मधुबन पंचायत की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी और लंबित विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि अपने पद पर रहते हुए वे पूरी निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
Madhepura News: ग्रामीणों में जगी नई उम्मीद
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद मधुबन पंचायत में पंचायत सरकार भवन, विवाह भवन और अन्य विकास योजनाओं के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है.
मुखिया पूजा कुमारी ने कहा कि पंचायत के विकास के लिए वे लगातार प्रयास कर रही हैं और अब राज्य स्तर पर पहल होने से लंबित परियोजनाओं के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो सकता है.
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पंचायत सरकार भवन का निर्माण शुरू होता है तो पंचायत स्तर पर प्रशासनिक सेवाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और ग्रामीणों को कई सरकारी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी.
