प्रेस कॉन्फ्रेंस करते प्रदेश अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

मधेपुरा में BJP प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान: बख्तियारपुर का नाम बदलने की वकालत; फरक्का संधि पर विपक्ष को घेरा

भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मधेपुरा में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने बख्तियारपुर का नाम बदलने की वकालत की और फरक्का संधि पर विपक्ष को निशाना बनाया.

मधेपुरा. दो दिवसीय प्रवास पर मधेपुरा पहुंचे भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्थानीय अतिथि शाला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र और बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने देश की जीडीपी के 7.8 प्रतिशत तक पहुंचने को आर्थिक प्रगति का प्रमाण बताया.

रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में काम का दावा

संजय सरावगी ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे रही है.

सहयोग पोर्टल से समस्याओं के समाधान का दावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘सहयोग पोर्टल’ के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा खानापूर्ति किए जाने की शिकायत मिलती है तो उसके लिए भी अलग व्यवस्था की गयी है. मुख्यमंत्री स्वयं ऐसे मामलों की निगरानी कर रहे हैं.

ब्रिक्स सम्मेलन को भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा से जोड़ा

ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि भारत में इसका आयोजन होना देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों का भारत पहुंचना देश के लिए बड़ी उपलब्धि और गौरव की बात है.

फरक्का संधि के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना

फरक्का संधि के मुद्दे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस समय यह संधि हुई थी, उस समय आज सवाल उठाने वाले लोग कुछ नहीं कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए अब इस मुद्दे को उठाया जा रहा है.

बख्तियारपुर का नाम बदलने के सवाल पर बोले

बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ किए जाने की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय सरावगी ने कहा, “बख्तियार आक्रामक था, उनका नाम तो बदलना ही चाहिए.” उनके इस बयान के बाद बख्तियारपुर के नाम परिवर्तन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का दावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को आगे भी गति दी जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Savita Nandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >