Madhapura News: मधेपुरा में जनसुराज पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को संगठन नव निर्माण प्रशिक्षण सह समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और खगड़िया जिले के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस दौरान संगठन विस्तार, नई कमेटियों के गठन तथा पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. गजेन्द्र कुमार ने की. बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. इसके बाद अतिथियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों को पाग, माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को तेज करने और आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया.
कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत : नवल किशोर सिंह
प्रदेश महासचिव नवल किशोर सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं. उन्होंने कहा कि जनसुराज केवल राजनीतिक परिवर्तन का नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का अभियान है. इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करना होगा और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा.
पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
जिलाध्यक्ष डॉ. गजेन्द्र कुमार ने कहा कि जिले में संगठन को सशक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पंचायत और प्रखंड स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा कर जनसुराज को जनता की आवाज बनाया जाएगा.
जिला मुख्य प्रवक्ता रंजीत सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए सभी को सच्चे जनसुराजी बनकर समाजहित में कार्य करना होगा.
शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर फोकस
सुपौल जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह और जिला प्रवक्ता रीति झा ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है. वहीं राजीव कुमार उर्फ गुड्डू मुखिया ने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया.
खगड़िया जिलाध्यक्ष गजेन्द्र कुमार निषाद और जिला अध्यक्षा भाग्यश्री ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर जनसुराज एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहा है. बिहार के विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए नई राजनीतिक संस्कृति की आवश्यकता है.
Madhapura News: गांव-गांव तक पहुंचेगा जनसुराज अभियान
सहरसा जिलाध्यक्ष कुमार अमृत राज ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाकर लोगों को संगठन के उद्देश्य से जोड़ना समय की मांग है. राज्य सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. दीपनारायण यादव ने कहा कि जनसुराज जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है और आगे भी करता रहेगा.
बैठक में महिला जिलाध्यक्ष मंजू सुमन, महिला प्रकोष्ठ मुख्य प्रवक्ता खुशबू कुमारी, कोशी क्षेत्रीय प्रभारी शशि कुमार यादव, युवा जिलाध्यक्ष प्रिंस पुटू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
बैठक के अंत में विभिन्न प्रखंडों में संगठन विस्तार, नई कमेटियों के गठन तथा जनसुराज के अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया.
इसे भी पढ़ें: बिहार बुलेट ट्रेन पर बड़ा अपडेट, पटना से दिल्ली सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, सिलीगुड़ी तक विस्तार की तैयारी
