Madhapura Crime News: बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज में एक युवक को यही इंसानियत भारी पड़ गई. पति-पत्नी के झगड़े में बीच-बचाव करने के कुछ ही घंटों बाद उस पर रास्ते में चाकू से हमला कर दिया गया. हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसे बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा.
यह घटना मुरलीगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज वार्ड संख्या-10 स्थित पोखर टोला की है. घायल युवक की पहचान रहिका वार्ड संख्या-13 पोखर टोला निवासी कामेश्वर यादव के लगभग 30 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार यादव के रूप में हुई है.
दिन में कराया था समझौता, शाम को बना निशाना
घटना के संबंध में घायल के साथ मौजूद श्रवण कुमार ने बताया कि शनिवार दिन में पोखर टोला वार्ड संख्या-10 में कुलदीप ऋषिदेव और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था. आसपास मौजूद लोगों की तरह प्रशांत कुमार भी वहां पहुंचा और दोनों के बीच समझाने-बुझाने की कोशिश की.
श्रवण के अनुसार प्रशांत ने कहा था कि बार-बार झगड़ा करने से बेहतर है कि 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस की मदद ली जाए. इसके बाद विवाद शांत हो गया और सभी लोग अपने-अपने काम में लग गए.
Madhapura Crime News: रास्ते में रोककर किया हमला
शाम को प्रशांत और श्रवण बिजली का काम कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कुलदीप ऋषिदेव ने उनकी बाइक रुकवाई. प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार उसने तंज कसते हुए कहा, "112 को बुलाइएगा, बुलाओ."
इसके तुरंत बाद उसने एक हाथ में बेल्ट और दूसरे हाथ में चाकू लेकर प्रशांत पर हमला कर दिया. चाकू का वार सीधे उसके सिर पर लगा. गंभीर चोट लगते ही प्रशांत सड़क पर गिर पड़ा और आसपास अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
हमले के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे. सभी की मदद से घायल प्रशांत कुमार यादव को तुरंत मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
वहां डॉ. राजेश कुमार और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने प्राथमिक उपचार किया. सिर पर गहरी चोट और गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया.
पुलिस क्या कह रही है
मुरलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करने के कारण युवक पर चाकू से हमला किया गया. पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
गांव में चर्चा का माहौल
घटना के बाद पोखर टोला और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर किसी घरेलू विवाद में बीच-बचाव करने वाले व्यक्ति पर ही हमला हो जाए, तो भविष्य में लोग किसी की मदद करने से भी डर सकते हैं.
ग्रामीणों के अनुसार ऐसे मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई और आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जरूरी है, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि विवाद सुलझाने की कोशिश करने वालों की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है.
फिलहाल घायल प्रशांत कुमार यादव का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. पुलिस परिजनों के आवेदन का इंतजार कर रही है और आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी.
