आइओसीएल ने घरेलू पीएनजी कनेक्शन की टेस्टिंग

आइओसीएल ने घरेलू पीएनजी कनेक्शन की टेस्टिंग

मधेपुरा. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) ने मंगलवार को शहर में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की टेस्टिंग कर इसकी अनौपचारिक शुरुआत की. इस कदम को मधेपुरा के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है. अब उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आधुनिक, स्वच्छ और सुविधाजनक व्यवस्था का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है. जानकारी के अनुसार आइओसीएल ने पहले चरण में चुनिंदा घरों में पाइपलाइन के जरिए गैस आपूर्ति की तकनीकी जांच की. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर पीएनजी कनेक्शन दिये जायेंगे. इससे शहरवासियों को एलपीजी सिलेंडर की झंझट से मुक्ति मिलेगी. पाइप से सीधे घरों तक गैस पहुंचने से उपभोक्ताओं को न सिर्फ सुविधा मिलेगी बल्कि समय और धन दोनों की बचत होगी. पीएनजी गैस के लाभ विशेषज्ञ बताते हैं कि पीएनजी ऊर्जा का स्वच्छ व पर्यावरण के अनुकूल स्रोत है. इससे धुएं की समस्या नहीं होती और प्रदूषण का खतरा भी घटता है. इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि गैस की उपलब्धता 24 घंटे और सातों दिन बनी रहती है. उपभोक्ताओं को गैस खत्म होने या रीफिलिंग का इंतजार करने जैसी परेशानी से निजात मिलती है. साथ ही गैस सिलेंडर लाने-ले जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी. यह पाइपलाइन के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं के घरों तक पहुंचेगी. इससे बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक सहूलियत होगी. इसके अतिरिक्त आर्थिक दृष्टि से भी पीएनजी उपभोक्ताओं की जेब के अनुकूल है. बताया जाता है कि यह एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती साबित होगी. जिले को मिली बड़ी सौगात स्थानीय लोगों का कहना है कि आइओसीएल का यह कदम जिले के लिए विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. जिले में पहली बार इस तरह की आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो रही है. जहां एक ओर यह व्यवस्था घरेलू उपभोक्ताओं की रसोई को और सुरक्षित व आसान बनाएगी, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी भूमिका निभाएगी. आइओसीएल अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही जिले के अलग-अलग वार्डों व मोहल्लों में गैस पाइपलाइन का विस्तार किया जायेगा. योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद हजारों उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >