मधेपुरा कल, आज एवं कल की थीम पर एक महीने तक होंगे स्थापना दिवस विशेष कार्यक्रम
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता 26 अप्रैल को आयोजित की जायेगी.
By Kumar Ashish | Updated at :
मधेपुरा.
जिला मुख्यालय स्थित सार्क इंटरनेशनल स्कूल परिसर आजाद पुस्तकालय की बैठक अध्यक्ष प्रो डॉ विनय कुमार चौधरी की अध्यक्षता एवं सचिव डॉ हर्ष वर्धन सिंह राठौर के संचालन में संपन्न हुई. बैठक में टीपी कॉलेज दर्शनशास्त्र स्नातकोत्तर विभागाध्यक्ष डॉ सुधांशु शेखर, नाट्यकर्मी अमित कुमार अंशु,प्रो प्रसन्ना सिंह राठौर आदि शामिल रहे.
– स्थापना दिवस पर एक महीने तक होंगे कार्यक्रम-
बैठक सचिव डॉ हर्ष वर्धन सिंह राठौर के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आजाद पुस्तकालय द्वारा इस वर्ष जिला स्थापना दिवस पर एक महीने तक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इस दौरान आजाद प्रतिभा खोज प्रतियोगिता -2026, शतरंज प्रतियोगिता, संगोष्ठी, सेमिनार, सम्मान समारोह, बाल कवि सम्मेलन, पौधरोपण आदि का आयोजन किया जायेगा.
– प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के केंद्र में रहेगा मधेपुरा –
बैठक में आजाद प्रतिभा खोज प्रतियोगिता -2026 के आयोजन पर चर्चा करते हुये एकमत से यह निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता से जुड़े प्रायः विधाओं के केंद्र में मधेपुरा रहे. सदस्यों ने भाषण के लिये मेरे सपनों का मधेपुरा, निबंध के लिए स्वतंत्रता आंदोलन में, चित्रकला में मधेपुरा के महापुरुष अथवा मधेपुरा के धार्मिक स्थल का चयन किया. बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता 26 अप्रैल को आयोजित की जायेगी. प्रतियोगिता स्थल के रूप में टीपी कॉलेज अथवा मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा को चयनित करते हुये सहमति लेने का निर्णय लिया गया.
– मधेपुरा कल, आज एवं कल थीम पर होंगे कार्यक्रम-
नवनिर्वाचित सीनेट सदस्य डॉ सुधांशु शेखर के प्रस्ताव पर आजाद पुस्तकालय ने एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रम के लिये मधेपुरा कल आज और कल विषय का चयन किया और निर्णय लिया कि इसी थीम पर एक महीने तक कार्यक्रम चलेंगे. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है स्थापना दिवस विशेष एक सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा. जिसे जिले को गौरवान्वित करने वाली विशेष प्रतिभाओं का सम्मान किया जायेगा. वहीं मुख्य कार्यक्रम नौ मई को थीम मधेपुरा कल, आज और कल विषय पर सेमिनार होगा.
-डॉक्टर सुधांशु शेखर कार्यक्रम संयोजक, डॉक्टर राठौर और अमित अंशु बने सह संयोजक-
प्रो विनय कुमार चौधरी एवं अमित कुमार अंशु के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से डॉ सुधांशु शेखर को स्थापना दिवस विशेष कार्यक्रम का कार्यक्रम संयोजक बनाया गया. वहीं बेहतर आयोजन हेतु डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर एवं अमित कुमार अंशु को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई. प्रो प्रसन्ना सिंह राठौर को आयोजन के प्रारूप के लिए अधिकृत किया गया.