सड़क निर्माण कार्य में रंगदारी व धमकी मिलने पर महिला ठेकेदार ने दर्ज करायी शिकायत

सड़क निर्माण कार्य में रंगदारी व धमकी मिलने पर महिला ठेकेदार ने दर्ज करायी शिकायत

वार्ड संख्या पांच में पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य ठप, पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी हेतु आवेदन

उदाकिशुनगंज. थाना क्षेत्र में चल रहे एक सरकारी निर्माण कार्य में बाधा डालने, रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. इस संबंध में वार्ड संख्या 10, ग्वालपाड़ा सुखासन निवासी रूपम कुमारी ने थाने में आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में रूपम कुमारी ने बताया कि नगर परिषद उदाकिशुनगंज के वार्ड संख्या-5 में षष्ठम राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत सुभाष मंडल के घर से हरिश्चंद्र मंडल के घर तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. इस कार्य की अधिकृत ठेकेदार स्वयं रूपम कुमारी हैं.

30 हजार रुपये की मांगी गयी अवैध रंगदारी

महिला ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय निवासी मनोज मंडल, दिनेश मंडल, पंकज मंडल, श्रीकांत मंडल व आशीष मंडल द्वारा लगातार कार्य स्थल पर पहुंचकर बाधा उत्पन्न की जा रही है. आरोप है कि इन लोगों द्वारा कार्य को सुचारु रूप से चलाने के बदले 30 हजार रुपये की अवैध रंगदारी की मांग की गयी. जब रंगदारी देने से इनकार किया गया, तो आरोपितों ने मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें काम से भगा दिया व जान से मारने की धमकी भी दी. इस हंगामे के चलते महत्वपूर्ण सरकारी विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गया है.

इस मामले को लेकर उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >