मधेपुरा में शराबी सरपंच गिरफ्तार: बड़हरी ढाबे के पास डायल 112 ने दबोचा, सिंहेश्वर पुलिस ने 6 लोगों को भेजा जेल

मधेपुरा में शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाई गईं. पुलिस ने नशे में धुत कमरगामा पंचायत के सरपंच योगानंद भारती को गिरफ्तार किया. जानिए इस कार्रवाई में और कौन-कौन धराया.

Madhepura News: बिहार में सख्त शराबबंदी कानून लागू है और इसे धरातल पर बनाए रखने की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों तथा समाज के प्रबुद्ध लोगों पर भी है. लेकिन जब कानून का पालन कराने वाले ही कानून की धज्जियां उड़ाने लगें तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी हो जाता है. मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहाँ पुलिस ने शराब के नशे में धुत कमरगामा पंचायत के वर्तमान सरपंच को धर दबोचा. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. सिंहेश्वर थाना पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर शराबी सरपंच समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

बड़हरी ढाबे पर छलका रहे थे जाम, डायल 112 की टीम ने रंगे हाथ दबोचा

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बड़हरी ढाबा के पास कमरगामा पंचायत के वर्तमान सरपंच योगानंद भारती शराब के नशे में धुत होकर घूम रहे थे. स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत एक्शन में आई डायल 112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सरपंच को पकड़ लिया. थाने लाकर जब उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया तो अत्यधिक शराब सेवन की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बड़हरी वार्ड संख्या सात निवासी शराबी सरपंच योगानंद भारती को गिरफ्तार कर लिया. एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के इस तरह शराब के नशे में पकड़े जाने से स्थानीय लोग भी अचंभित हैं.

सड़क पर नशे में धुत्त घूमते दो अन्य गिरफ्तार, वारंटी भी चढ़ा हत्थे

पुलिस की कार्रवाई केवल शराबी सरपंच तक ही सीमित नहीं रही. विशेष अभियान के तहत गौरीपुर रोड नंबर 18 के पास गश्त कर रही पुलिस टीम ने दो अन्य युवकों को शराब के नशे में धुत होकर हंगामा करते हुए पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानीपुर वार्ड संख्या चार निवासी कमलेश शर्मा और सिंहेश्वर दुर्गा चौक वार्ड संख्या चार निवासी रामकृष्ण चौधरी के रूप में हुई है. इसके साथ ही पुलिस की टीम ने शराब से जुड़े एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी लालो कुमार (निवासी लालपुर वार्ड संख्या एक) को भी उसके ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया.

मारपीट के आरोपी दो शातिर भी पहुंचे सलाखों के पीछे

शराबबंदी कानून के उल्लंघन के अलावा पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मारपीट के मामले में नामजद आरोपियों पर भी नकेल कसी है. पुलिस ने गहुमनी वार्ड संख्या सात निवासी मोहम्मद जहुर और कबीर मियां को मारपीट के एक मामले में धर दबोचा. ये दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे. एक ही दिन में छह अलग-अलग आरोपियों की गिरफ्तारी से अपराधियों और शराब पीने वालों के बीच हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है.

Madhepura News: प्रशासनिक मुस्तैदी और आगे की स्थिति पर थानाध्यक्ष का कड़ा संदेश

मामले की जानकारी देते हुए सिंहेश्वर के थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष ने साफ लहजे में कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. शराबबंदी कानून को पूरी सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस का विशेष छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा. इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है.

Also Read: Nandan Yadav Encounter: कौन हैं जमुई केस के मुख्य आरोपी नंदन और हरेराम? जानें बालू ढोने से लेकर पुलिस मुठभेड़ तक की कहानी

Also Read: Jamui Encounter News: जमुई में छात्रा से बदसलूकी करने वाले का एनकाउंटर, पुलिस ने नंदन यादव को मारी गोली

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुशांत कुमार

सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >