24 घंटे में 18 अभियुक्त गिरफ्तार, पॉक्सो आरोपित समेत 11 वारंटी दबोचे गए

मधेपुरा में कानून-व्यवस्था को कड़ा करने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. बीते 24 घंटे में 18 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें पॉक्सो एक्ट और चोरी के आरोपी, 11 फरार वारंटी और 5 शराबी शामिल हैं. पुलिस ने वाहन जांच में 23,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला.

मधेपुरा : कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के दौरान चलाए गए अभियान में कुल 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है.

पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कई गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं. अभियान के दौरान पॉक्सो एक्ट के एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया गया. वहीं चोरी के एक मामले में भी एक आरोपित को पुलिस ने दबोचा है.

11 फरार वारंटी भी गिरफ्तार

पुलिस ने पुराने मामलों में फरार चल रहे 11 वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है. इसके अलावा बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत अलग-अलग स्थानों से शराब सेवन के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

वाहन जांच में 23,500 रुपये जुर्माना

अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया. इस दौरान बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग तथा आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 23,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.

मधेपुरा पुलिस ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. पुलिस ने आम लोगों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >