मधेपुरा. भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय में 19 फरवरी यानि बुधवार को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारी अंतिम चरण में है. सोमवार को बीएनएमयू कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा ने अनुश्रवण समिति की बैठक कर तैयारी की समीक्षा की. कुलपति ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिये. कुलपति ने कहा कि मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान का कार्यक्रम होगा. इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी व कर्मचारियों को मंगलवार तक सभी कार्यों को संपन्न कर लेने का निर्देश दिया है. सुविधाओं को ध्यान में रखकर काम करने का निर्देश कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में बने दीक्षांत मंडप में सीटिंग अरेंजमेंट समेत अन्य कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखकर काम करने का निर्देश दिया. कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा सभी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मंगलवार की शाम तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जायेगी. बैठक में अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ अशोक कुमार सिंह, डीन डॉ आरके मल्लिक, डॉ सुनील कुमार सिंह, डॉ विवेक कुमार सिंह, डॉ अशोक कुमार, डॉ एमआई रहमान, डॉ नरेश कुमार, डॉ अबुल फजल, डॉ दीपक गुप्ता, डॉ जैनेंद्र कुमार, डॉ प्रफुल्ल कुमार, शंभू नारायण यादव आदि मौजूद थे. तीन सत्र के 1390 छात्रों को मिलेगा प्रमाण पत्र बीएनएमयू में आयोजित दीक्षांत समारोह में तीन सत्र के छात्रों को उपाधि, मेडल व प्रमाण पत्र दिए जायेंगे. इसके लिए 70 गोल्ड मेडल समेत 1390 छात्रों को प्रमाण पत्र दिया जायेगा. दीक्षांत समारोह को लेकर सभी संकायाध्यक्ष, सभी विभागाध्यक्ष समेत अन्य शिक्षकों को इस कार्य में लगाया गया है. कुलपति ने कहा कि कुलाधिपति द्वारा दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की जायेगी, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नालंदा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो अभय कुमार सिंह समेत विभिन्न विश्वविद्यालय के कुलपति, बीएनएमयू के पूर्व कुलपति को भी आमंत्रित किया गया है. विद्वत शोभायात्रा को लेकर हुआ विचार-विमर्श दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के साथ विश्वविद्यालय के विद्वत परिषद के सदस्यों का शोभायात्रा निकाली जायेगी. विश्वविद्यालय के अतिथि गृह से विद्वत शोभायात्रा दीक्षांत स्थल तक आयेगी. इसके लिए उसमें शामिल होने वाले सभी शिक्षकों को दिशा निर्देश दिये गये. एनसीसी कैडेट कुलाधिपति को देंगे गार्ड ऑफ ऑनर बीएनएमयू में 19 फरवरी को राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान को गार्ड ऑफ ऑनर देने की जिम्मेदारी एनसीसी कैडेट को सौंपी गयी है. एनसीसी के मेजर गौतम कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर देंगे, जबकि हेलीपैड पर जिले के पुलिस जवान द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
