मधेपुरा. ऊर्जा विभाग ने विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष 5पहल शुरू की है. कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि इसके तहत अप्रैल महीने में प्रत्येक सोमवार व शुक्रवार को विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यहां दर्ज की गयी शिकायतों का 72 घंटे के भीतर समाधान किया जाता है. शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनकी बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कराना है. शिविरों में बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों का सुधार, विद्युत आपूर्ति में आ रही तकनीकी समस्याओं और अन्य शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जायेगा. शिविर में उपभोक्ताओं की जिन प्रमुख समस्याओं का समाधान किया जायेगा, उसमे बिजली बिल सुधार, झुके हुए पोल या ढीले तार, कम वोल्टेज, खराब ट्रांसफाॅर्मर, नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन, नाम परिवर्तन, स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ी शिकायतें, कृषि कनेक्शन के लिए आवेदन तथा पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित जानकारी शामिल हैं. कार्यपालक अभियंता ने कहा कि इसके अतिरिक्त, उपभोक्ता शिविर में अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान भी सुविधाजनक तरीके से कर सकेंगे तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. शिविरों का आयोजन सभी विद्युत अभियंता कार्यालयों में सोमवार व शुक्रवार को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक किया जायेगा.
बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का 72 घंटे में होगा निदान
बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का 72 घंटे में होगा निदान
