सिंहेश्वर.
मधेपुरा में समृद्धि यात्रा पर पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को बाबा सिंहेश्वरनाथ की पूजा – अर्चना की. इसके बाद मैया पार्वती के चरणों में माथा टेका. सीएम ने बाबा का दुग्धाभिषेक कर देश व राज्य की तरक्की और अमन चैन कायम रखने की कामना की. मौके पर सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह, रोशन कुमार ठाकुर, हरेंद्र मंडल, संजीव कुमार ठाकुर, योग नारायण राय, प्रबंधक भवेश कुमार, मन्नू कुमार ने बताया कि मधेपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री व बिहार सरकार मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सिंहेश्वर नाथ महादेव की पूजा- अर्चना की. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंदिर आगमन को लेकर पूजारियों ने पूजा-पाठ की तैयारी की थी. यहां के पंडा सह सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के पूर्व सदस्य कन्हैया ठाकुर, लाल बाबा, पंकज बाबा, शंकर ठाकुर उर्फ रघु बाबा, जयकुमार ठाकुर ने मुख्यमंत्री का पूजा संपन्न कराया.दिखी प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था
इससे पहले बाबा नगरी में सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था थी. मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए अहले सुबह में पूजा बंद कर दी गयी थी. वहीं सिंहेश्वर मधेपुरा मुख्य मार्ग पर आवागमन भी बंद था. इससे सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सिंहेश्वर मंदिर में सीएम के आगमन पर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया. मौके पर सदस्यों ने सिंहेश्वर मंदिर के उन्नयन के लिए कार्य योजना बना कर मंदिर का तेलंगाना के शिल्पकार से नक्शा बनाने का प्रस्ताव दिया गया. इसमें सरकार स्तर से न्यास समिति को सहयोग की जरूरत है.
