आलमनगर. प्रखंड सभागार में सोमवार को बीस सूत्री बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह आजाद ने की. अध्यक्ष ने बीस सूत्री गठन व उद्देश्यों के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि बीस सूत्री का प्रमुख उद्देश्य है कि गरीबों का कल्याण, सभी स्तर पर भ्रष्टाचार पर रोक व सामाजिक योजनाओं का लोगों को ससमय लाभ पहुंचाना है. वहीं बैठक में मौजूद बीस सूत्री के सभी सदस्यों ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी के द्वारा हो रहे अनियमितता के बारे में चर्चा की. वही विधायक प्रतिनिधि सुधीर कुमार मंडल ने बताया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा खापुर डीलर के साथ गाली-गलौज व धमकी दिया गया है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के ऊपर कार्रवाई करने की मांग की. वही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि उक्त विषय अनुमंडल पदाधिकारी उदाकिशुनगंज के पास लंबित है, जबकि सदस्य विपिन शर्मा ने बताया कि बीते दिनों आए आंधी तूफान व बारिश से करीब 90 प्रतिशत मक्का फसल की क्षति होने के कारण किसान परेशान हैं. वही प्रखंड कृषि पदाधिकारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आंधी के बाद क्षेत्र भ्रमण किया तो औसतन करीब 25 प्रतिशत क्षति होने का अनुमान लगाया गया है. जिसमें खापुर , किशनपुर रतवारा , गंगापुर, बड़गांव व बिषपट्टी पांच पंचायतों की विशेष रूप से क्षति देखी गयी, जहां जिला को प्रतिवेदन दे दिया गया है. वही सदस्य सुबोध ऋषिदेव ने मंगल योजना में लोगों को शुद्ध पानी नहीं उपलब्ध होने का मुद्दा उठाया. प्रखंड क्षेत्र में मुख्यमंत्री नल जल योजना के बारे में चर्चा की, जिसमें लोगों ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की सप्लाई नहीं की जा रही है, जिससे शुद्ध पेयजल पीने को लोग तरस रहे हैं. जिस पर पीएचइडी के कनीय अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जायेगा. मौके पर बीस सूत्री उपाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, बीडीओ अजय कुमार, बीईओ विजय कुमार, पीओ रेजा इकवाल, बीएओ धीरेंद्र सिंह, एमओ धीरेंद्र कुमार, जेई प्रशांत कुमार, राकेश कुमार, पूर्व मुखिया सुबोध ऋषिदेव, पार्षद प्रतिनिधि विकास कुमार, सुजीत कुमार आदि शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
