ड्रेनेज पुल की रेलिंग से फंदे पर लटका मिला युवक का शव
Copied link
ड्रेनेज पुल की रेलिंग से फंदे पर लटका मिला युवक का शव
भोज खाने की बात कहकर घर से निकला था 22 वर्षीय सूरज, परिजनों ने जताई हत्या कर शव लटकाने की आशंका
आलमनगर. थाना क्षेत्र के भागीपुर के पास ड्रेनेज पुल की रेलिंग से फंदे में लटके एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. सोमवार को पुल के पास शव को लटकता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. शव की पहचान आलमनगर नगर पंचायत निवासी संजय राम के 22 वर्षीय पुत्र सूरज राम उर्फ टुभक कुमार के रूप में की गयी. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिजनों ने बताया कि रविवार की संध्या को सूरज अपने दोस्तों के साथ भागीपुर में भोज खाने की बात कहकर घर से निकला था. परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलिंग से लटका दिया गया है. वे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके. इस बाबत आलमनगर थानाध्यक्ष कुलवंत कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है. पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सूरज के साथ उस रात कौन-कौन से दोस्त मौजूद थे.
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.