सड़क हादसे की आड़ में महिला की हत्या! सेना में तैनात पति पर साजिश रचने का आरोप, बिहार के मधेपुरा में हड़कंप

Bihar Accident: मधेपुरा के गोढ़ियारी गांव में एक महिला की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत ने सनसनी फैला दी है. मृतका के पिता ने इसे हादसा नहीं, बल्कि साजिशन हत्या बताया है और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला अब दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और साजिश की दिशा में जांच की मांग कर रहा है.

Bihar Accident: बिहार के मधेपुरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी गांव में रविवार की शाम एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत ने नया मोड़ ले लिया है. मृतका के पिता ने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या बताया है. मृतका की पहचान गोढ़ियारी निवासी सच्चिदानंद यादव की 28 वर्षीय बेटी रजिया कुमारी के रूप में हुई है.

घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है जब रजिया अपने घर के पास सड़क किनारे टहल रही थी. इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार लोग- हलदर यादव, मिथिलेश यादव, उपेंद्र यादव और एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे. आरोप है कि इन लोगों ने जानबूझकर रजिया को टक्कर मारी और फिर एक बाइक से उसके सिर को कुचलने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई मौत

परिजनों ने रजिया को तुरंत मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में रेफर किया गया. बेहतर इलाज की उम्मीद में जब परिजन उसे नेपाल के विराटनगर लेकर जा रहे थे, तब रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है. रजिया के पिता सच्चिदानंद यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को वर्षों से ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था. 2017 में सिमराहा निवासी और सेना में कार्यरत दुखन कुमार से रजिया की शादी हुई थी. शादी के बाद से ही दहेज में जमीन की मांग को लेकर रजिया पर लगातार अत्याचार होते रहे.

कोर्ट में चल रहा था मुकदमा

इतना ही नहीं, दुखन कुमार ने कथित रूप से मयूरवा में दूसरी शादी कर ली और रजिया तथा उसके बेटे को घर से निकाल दिया. मजबूर होकर रजिया अपने मायके लौट आई और परिवार न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा दायर किया. कोर्ट ने दुखन को 16,000 रुपये प्रति माह देने का आदेश दिया था, जिसे वह नहीं मान रहा था.

सदर थाना पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और मृतका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने इलाके में आक्रोश फैला दिया है और सवाल उठने लगे हैं – क्या रजिया कुमारी की मौत एक दुर्घटना थी या सुनियोजित हत्या?

Also Read: बिहार पुलिस का ‘दबंग चेहरा’, जिसके एक्शन से थर्राते हैं अपराधी! जानिए कौन हैं पटना के नए सिटी SP भानु प्रताप सिंह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >