ड्रेनेज से मिला अज्ञात क्षत-विक्षत कंकाल, इलाके में फैली सनसनी

ड्रेनेज से मिला अज्ञात क्षत-विक्षत कंकाल, इलाके में फैली सनसनी

हरे रंग का सूट-सलवार व दुपट्टा बरामद, युवती होने की आशंका

बिहारीगंज. बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गमैल स्थित गमैल बीड़ी ड्रेनेज में एक अज्ञात क्षत-विक्षत कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. कंकाल मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर उमड़ पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की सुबह कुछ मछुआरे ड्रेनेज में मछली पकड़ रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरती एक खोपड़ी पर पड़ी. पास ही एक बोरे में कई हड्डियां भी दिखाई दीं. भयावह दृश्य देखकर मछुआरों ने शोर मचाया, जिसके बाद खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गयी. सूचना मिलते ही बिहारीगंज व उदाकिशुनगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. ड्रेनेज के आसपास इधर-उधर बिखरे कंकाल के अवशेषों को सावधानीपूर्वक एकत्र किया. पुलिस ने कंकाल के पास से हरे रंग का सूट-सलवार व दुपट्टा भी बरामद किया है. इससे प्रथम दृष्टया यह किसी युवती या महिला का कंकाल होने की आशंका जतायी जा रही है. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों व मछुआरों से पूछताछ की. एसडीपीओ ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाया गया है. हर एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है. कंकाल यहां कैसे और कब पहुंचा, यह एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. ड्रेनेज में रहस्यमय तरीके से युवती का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >