शंकरपुर.
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत
रायभीर पंचायत में करीब तीन करोड़ की लागत से बन रहे पंचायत सरकार भवन में अनियमित्ता का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है. ग्रामीणों ने कहा कि पिलर की ढलाई में गिट्टी में 50 प्रतिशत मिट्टी मिलाया गया. निर्माण में लोकल कंपनी का सरिया का इस्तेमाल किया. 6:1 का मसाला मिलाकर काम किया जा रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक शुरू से ही घटिया सामग्री का उपयोग कर रहा है. परिसर से ही मिट्टी काटकर भवन में भरा जा रहा है. तीन नंबर ईंट का भी इस्तेमाल हो रहा है. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी विधायक चंद्रहास चौपाल व जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज कुमार यादव को दी. विधायक मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि गांव में बन रहे पंचायत सरकार भवन में गड़बड़ी हो रही है. उन्होंने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और जिला पदाधिकारी को सूचना दी. कहा कि जब तक जांच नहीं होती, तब तक निर्माण कार्य बंद रहेगा. मौके पर पंचायत समिति सदस्य चंदेश्वरी राम, उपमुखिया संतोष कुमार, समाजसेवी संजीव कुमार, जदयू युवा प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार, किन्नो यादव, दीपक कुमार आदि मौजूद थे.ग्रामीणों ने डीएम से जांच कर नये सिरे से निर्माण कराने की मांग की है. करीब एक महीने पहले बीडीओ तेज प्रताप त्यागी ने भी जांच की थी. तब भी अनियमितता पायी गयी थी. सुधार का निर्देश दिया गया था, लेकिन संवेदक पर कोई असर नहीं हुआ. योजना स्थल पर प्राक्कलन राशि का बोर्ड तक नहीं लगाया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
