मधेपुरा से कुमार आशीष की रिपोर्ट Madhepura News : राष्ट्रीय अर्हता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) (यूजी)-2026, तीन मई रविवार को आयोजित होने वाली है. परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं परीक्षा केंद्राधीक्षकों की एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता सर्वोपरि है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया. जानकारी दी गई कि नीट (यूजी)-2026 परीक्षा एक ही पाली में अपराह्न दो बजे से संध्या पांच बजे तक आयोजित होगी, जिसकी कुल अवधि तीन घंटे निर्धारित है. परीक्षा के संचालन हेतु मधेपुरा जिला अंतर्गत कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं. परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के दृष्टिकोण से प्रश्न पत्रों एवं अन्य संवेदनशील सामग्रियों को सुरक्षित रखने हेतु भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा, मधेपुरा तथा पंजाब नेशनल बैंक, मधेपुरा के सुरक्षित कक्षों में भंडारण की व्यवस्था की गई है. इन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति पूर्व से ही सुनिश्चित कर दी गई है. जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल तथा उड़नदस्ता दल की तैनाती की गई है. साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक निगरानी एवं सतत पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो सके. जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ को नियंत्रित किया जाए तथा अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व केंद्र पर पहुंचने हेतु जागरूक किया जाए. सभी केंद्राधीक्षकों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन एवं अन्य औपचारिकताएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हों. अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा जिला प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें, जिससे परीक्षा का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित हो सके.
Madhepura News : नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण संपादन को लेकर जिला प्रशासन तैयार
राष्ट्रीय अर्हता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) (यूजी)-2026, तीन मई रविवार को आयोजित होने वाली है.
